बिज़नेस

भारत दुनिया के सबसे पसंदीदा उपभोक्ता बाजार और शीर्ष निवेश स्थल के रूप में उभर रहा है: पीयूष गोयल

सरकार भारत को तेज़ी से विकसित राष्ट्र बनाने के लिए अगले 100 दिनों के परिवर्तनकारी एजेंडे पर काम कर रही है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने यह बात आज दूसरे लोकमत वैश्विक आर्थिक सम्मेलन में कही।

लोगों को संबोधित करते हुए, मंत्री महोदय ने जानकारी दी कि आने वाले 100 दिन में, सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से 15 अगस्त को किए गए आह्वान का पालन करेगी, जिसमें भारत को तेज गति से आगे ले जाने, 2047 तक एक विकसित राष्ट्र के विजन को लागू करने, घोषित किए गए ‘पंच प्रणों’ का पालन करने और यह सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है कि प्रत्येक नागरिक 2047 तक भारत को एक समृद्ध और विकसित राष्ट्र बनाने का दायित्व अपने ऊपर ले। उन्होंने कहा कि इस प्रयास में 140 करोड़ भारतीय एक टीम, एक परिवार के तौर पर एकजुट होकर औपनिवेशिक मानसिकता को मिटाएंगे, भारत के समृद्ध इतिहास, संस्कृति और परंपरा का सम्मान करेंगे और राष्ट्र की एकता और अखंडता पर ध्यान केंद्रित करेंगे। उन्होंने कहा कि दुनिया की कोई भी ताकत भारत को एक विकसित राष्ट्र बनने से नहीं रोक सकती।

पीयूष गोयल ने भारत की आर्थिक वृद्धि में वैश्विक विश्वास का भी संदर्भ दिया और विशेषज्ञों के इस आकलन का उल्लेख किया कि भारत दुनिया के सबसे अधिक मांग वाले उपभोक्ता बाजार और एक शीर्ष निवेश गंतव्य के रूप में उभरने की राह पर है। उन्होंने कहा कि यह प्रगति मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से 140 करोड़ भारतीयों के योगदान का परिणाम है, जो आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत कर रहे हैं और तन्यकशीलता पैदा कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि भारत वैश्विक मंच पर आ गया है और जैसा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है, यही समय है, यही समय है।

मंत्री जी ने लोकमत समूह के संस्थापक जवाहरलाल दर्डा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें एक वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी और एक ऐसे महान व्यक्तित्व के रूप में वर्णित किया, जिन पर हर महाराष्ट्रवासी को गर्व है। उन्होंने कहा कि लोकमत आज सबसे अधिक पढ़ा जाने वाला मराठी दैनिक और भारत के सबसे बड़े मीडिया समूहों में से एक है, जो डिजिटल, इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट जगत में व्यापक गतिविधियों को कवर करता है। उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में, लोकमत ने अपने सिद्धांतों को कायम रखा है, महाराष्ट्र को अग्रणी स्थान पर रखा है और इस बात पर ध्यान केंद्रित किया है कि राज्य राजनीतिक संबद्धताओं से परे सामूहिक प्रयासों से कैसे प्रगति कर सकता है।

पीयूष गोयल ने इस विषय पर प्रकाश डाला कि महाराष्ट्र देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और भारत की विकास गाथा में सबसे बड़ा योगदान देता है। उन्होंने कहा कि परिवर्तन के इस दौर में, सरकार जीवन और व्यापार को सुगम बनाने के लिए प्रक्रियाओं में सुधार कर रही है ताकि नियामक संबंधी बोझ कम किया जा सके, अनुपालन को कम किया जा सके और उद्योग जगत को निडर होकर निवेश करने में मदद की जा सके। उन्होंने आगे कहा कि सरकार के साथ मिलकर काम करते हुए मीडिया इस लक्ष्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

मंत्री जी ने कहा कि भारत ने संयुक्त अरब अमीरात, मॉरीशस, ईएफटीए समूह के चार देशों (स्विट्जरलैंड, नॉर्वे, लिकटेंस्टीन, आइसलैंड) और यूनाइटेड किंगडम के साथ संतुलित, निष्पक्ष और समतामूलक मुक्त व्यापार समझौते किए हैं और अन्य समझौतों पर भी तेजी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि ये प्रयास सामूहिक आधार पर एमएसएमई, किसानों और पशुपालन क्षेत्र की सफलता सुनिश्चित कर रहे हैं, साथ ही भारत के डेयरी उद्योग के हितों की रक्षा कर रहे हैं और वैश्विक बाजारों में भारतीय वस्तुओं और सेवाओं की पहुंच को बढ़ा रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संदेश को दोहराते हुए, पीयूष गोयल ने सभी से “वोकल फॉर लोकल” होने, प्रक्रियाओं और शासन पद्धतियों में बदलाव लाने और गुणवत्ता एवं लागत प्रतिस्पर्धा पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का आधार आत्मनिर्भर भारत है।

Editor

Recent Posts

भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के लीग मैच में चीन को 6-2 से हराया

भारतीय महिला हॉकी टीम ने कल रात भोपाल में एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के लीग मैच…

3 घंटे ago

भारत में अत्यधिक गरीबी दर 27.1 प्रतिशत से घटकर 2.6 प्रतिशत हो गई

भारत में अत्यधिक गरीबी दर 27 दशमलव एक प्रतिशत से घटकर 2 दशमलव 6 प्रतिशत…

3 घंटे ago

अमरीका ने पश्चिम एशिया में अपने नागरिकों को ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के हमले बढ़ने की चेतावनी दी

अमरीका ने ईरान समर्थित हूती समूह से बढ़ते संकटों के बीच पश्चिम एशिया में अपने…

3 घंटे ago

प्रधानमंत्री मोदी को जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ ने टेलीफोन किया और उनसे बातचीत की

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आज जर्मनी के चांसलर महामहिम श्री फ्रेडरिक मर्ज़ ने टेलीफोन किया…

5 घंटे ago

बीजेपी और SAD ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले गठबंधन की घोषणा की

भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने वर्ष 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा…

20 घंटे ago

S&P ग्लोबल साख आकलन एजेंसी ने वर्ष 2027 में भारत के एशिया-प्रशांत क्षेत्र में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था होने का अनुमान व्‍यक्‍त किया

स्‍टेंडर्ड एण्‍ड पुअर्स-एसएंडपी ग्लोबल साख आकलन एजेंसी ने वर्ष 2027 में भारत के एशिया-प्रशांत क्षेत्र…

24 घंटे ago