सीईपीए वार्ता के बीच भारत-कोरिया व्यापार दोगुना होने की दहलीज़ पर: दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग
दक्षिण कोरिया गणराज्य (आरओके) के राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने कहा है कि भारत, विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था और 1.4 अरब लोगों का देश होने के कारण, वैश्विक अर्थव्यवस्था का एक प्रमुख स्तंभ है।
नई दिल्ली में आयोजित भारत-कोरिया व्यापार मंच को संबोधित करते हुए आज राष्ट्रपति म्युंग ने कहा कि व्यापार और वाणिज्य को और अधिक विस्तारित करने की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि द्विपक्षीय व्यापार में विकास की अपार संभावनाएं हैं और निरंतर प्रयासों से व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते पर चल रही वार्ताओं के साथ-साथ इसके दोगुना होने की संभावना है।
राष्ट्रपति म्युंग ने सहयोग के माध्यम से और कृत्रिम बुद्धिमत्ता में भारत की क्षमताओं का लाभ उठाते हुए उच्च-तकनीकी उद्योगों को भविष्य के लिए तैयार करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने यह भी कहा कि जहाजरानी क्षेत्र में सहयोग को मजबूत किया जाएगा।
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ने दोनों देशों के बीच मजबूत जन-विश्वास निर्माण के लिए आर्थिक सहयोग से आगे बढ़ने के महत्व पर भी जोर दिया।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत-कोरिया व्यापार मंच के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए व्यापार, उद्योग, रणनीतिक संसाधन और स्वच्छ ऊर्जा पर चार कार्यकारी समूहों वाली भारत-कोरिया औद्योगिक सहयोग समिति पर हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन (एमओयू) को द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। भारत-कोरिया व्यापार मंच में आज कुल 16 समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए।
पीयूष गोयल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने भारत में एक विशाल औद्योगिक टाउनशिप – कोरिया के लिए एक विशेष एन्क्लेव – की स्थापना पर चर्चा की है, जिसमें आधुनिक बुनियादी ढांचा होगा। इसका उद्देश्य अधिक निवेश को प्रोत्साहित करना और भारतीय बाजार में अधिक कोरियाई कंपनियों के प्रवेश को सुगम बनाना है। उन्होंने कहा कि इस पहल से कोरियाई कंपनियों को भारत की विशाल घरेलू मांग और वैश्विक जीडीपी के लगभग दो-तिहाई हिस्से तक प्राथमिक पहुंच का लाभ उठाने में सहायता मिलेगी। यह पहुंच पिछले साढ़े तीन वर्षों में 38 विकसित अर्थव्यवस्थाओं के साथ संपन्न नौ मुक्त व्यापार समझौतों के माध्यम से संभव हुई है।
पीयूष गोयल ने कहा कि भारत और कोरिया गणराज्य को उनके नेतृत्व द्वारा द्विपक्षीय व्यापार को वर्तमान 27 अरब अमेरिकी डॉलर से बढ़ाकर वर्ष 2030 तक 54 अरब अमेरिकी डॉलर करने का लक्ष्य दिया गया है, जिसके लिए लगभग 18 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यह लक्ष्य साझेदारी की वास्तविक क्षमता को पूरी तरह से नहीं दर्शाता है। उन्होंने आर्थिक सहयोग के अगले चरण को शुरू करने के प्रयासों का आह्वान किया।
केंद्रीय मंत्री महोदय ने कहा कि दोनों देश व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) को उन्नत बनाने के लिए त्वरित और मिशन-आधारित दृष्टिकोण पर सहमत हुए हैं, जिसमें गैर-शुल्क बाधाओं को दूर करना, मूल नियमों को सरल बनाना, बाजार पहुंच का विस्तार करना और अधिक संतुलित आर्थिक साझेदारी प्राप्त करने के लिए व्यापार करने में सुगमता को बढ़ावा देना शामिल है।
पीयूष गोयल ने इस बात पर जोर दिया कि सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स, उन्नत विनिर्माण, ई-मोबिलिटी, हरित ऊर्जा, जहाज निर्माण और डिजिटल व्यापार जैसे क्षेत्र दोनों अर्थव्यवस्थाओं के बीच मजबूत पूरकताएं प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत और कोरिया सह-उत्पादन, सह-डिजाइन, सह-सृजन और सह-नवाचार के माध्यम से सहयोग कर सकते हैं और उच्च गुणवत्ता वाले और प्रतिस्पर्धी कीमतों वाले उत्पादों के साथ वैश्विक बाजारों में संयुक्त रूप से अपनी सेवाएं दे सकते हैं।
भारत की आर्थिक प्रगति पर प्रकाश डालते हुए पीयूष गोयल ने कहा कि वर्तमान में 4 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था वाला यह देश वर्ष 2047 में जब अपनी स्वतंत्रता की 100वीं वर्षगांठ मनाएगा, उस समय तक भारत 30 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की राह पर अग्रसर है। उन्होंने इस परिवर्तन को व्यवसायों के लिए एक सुनहरा अवसर बताया, जो विशाल और प्रतिभाशाली युवा आबादी, 1.4 अरब नागरिकों की आकांक्षाओं और तेजी से बढ़ते मध्यम वर्ग (जिसकी आय में वृद्धि हो रही है) द्वारा संचालित है।
उन्होंने दोहराया कि वैश्विक उथल-पुथल के बावजूद, भारत साहसिक सुधारों, व्यापक अवसंरचना निवेशों और व्यापार करने में सुगमता की दिशा में मजबूत नीतिगत प्रयासों, जिसमें अनुपालन का सरलीकरण और नियामक बोझ में कमी शामिल है, के कारण स्थिरता का प्रतीक बना हुआ है।
पीयूष गोयल ने दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों का स्मरण करते हुए कहा कि भारत और कोरिया दो सहस्राब्दियों से अधिक पुराने, समय-परीक्षित संबंध साझा करते हैं, जो विश्वास, साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और मजबूत सभ्यतागत बंधनों पर आधारित हैं। उन्होंने भारत में कोरियाई कंपनियों की सफलता और देश के विकास में उनके योगदान को स्वीकार किया।
पीयूष गोयल ने अपने संबोधन के समापन पर विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि यह यात्रा भारत-कोरिया संबंधों में एक नए अध्याय की शुरुआत होगी। उन्होंने दोनों देशों के बीच निरंतर सहयोग और साझा समृद्धि के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।
एफआईसीसी के अध्यक्ष और आरपीजी समूह के उपाध्यक्ष अनंत गोयनका ने कहा कि सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रिक वाहनों से लेकर डिजिटल प्रौद्योगिकियों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता तक, भारत की क्षमता कोरिया की नवाचार क्षमताओं के साथ सहजता से मेल खाती है। उन्होंने कहा कि दोनों देश मिलकर एक मजबूत और भविष्य के लिए तैयार आर्थिक गलियारा बना सकते हैं।
अनंत गोयनका ने वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं के चल रहे पुनर्गठन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत और कोरिया के पास एक विविध, नवाचार-आधारित आर्थिक गलियारा विकसित करने का अनूठा अवसर है जो बाहरी जटिलताओं के प्रति कम संवेदनशील हो और दीर्घकालिक अनुकूलन की ओर अग्रसर हो।





