भारत ने बांग्लादेश के उच्चायुक्त रियाज़ हामिदुल्लाह को बुलाकर पड़ोसी देश में बिगड़ते सुरक्षा माहौल पर गहरी चिंता जताई
भारत ने आज बांग्लादेश के उच्चायुक्त रियाज़ हामिदुल्लाह को बुलाकर बांग्लादेश में बिगड़ते सुरक्षा माहौल पर गहरी चिंता जताई। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि बांग्लादेश के उच्चायुक्त को कुछ चरमपंथी तत्वों की गतिविधियों के बारे में सूचित किया गया है, जिन्होंने ढाका में भारतीय दूतावास के आसपास असुरक्षा का माहौल पैदा करने की घोषणा की है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि भारत, बांग्लादेश में हाल की कुछ घटनाओं के संबंध में चरमपंथी तत्वों द्वारा फैलाई जा रही भ्रामक अफवाहों को पूरी तरह से खारिज करता है। मंत्रालय ने कहा कि भारत, बांग्लादेश में शांति और स्थिरता का पक्षधर है और उसने लगातार शांतिपूर्ण माहौल में स्वतंत्र, निष्पक्ष, समावेशी और विश्वसनीय चुनाव कराने का आह्वान किया है।





