भारत

भारतीय नौसेना ने लंबी दूरी के समुद्री टोही अभियानों के 50 वर्ष पूर्ण होने का उत्सव मनाया

भारतीय नौसेना 18 नवंबर 2026 को अपनी लंबी दूरी के समुद्री टोही अभियानों की स्वर्ण जयंती का उत्‍सव मना रही है। यह महत्वपूर्ण अवसर भारतीय नौसेना वायु स्क्वाड्रन (आईएनएएस) 312, जिसे ‘अल्बाट्रॉस’ के नाम से जाना जाता है, की स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने के साथ जुड़ा हुआ है। यह उपलब्धि भारत की समुद्री सुरक्षा के लिए पांच दशकों से जारी हवाई निगरानी और सतर्कता का प्रतीक है।

वर्ष 1971 के युद्ध के बाद, नौसेना को ऐसे तट-आधारित समुद्री गश्ती विमानों की आवश्यकता महसूस हुई, जो युद्धपोतों और हेलीकॉप्टरों के साथ मिलकर काम कर सकें। इसके बाद भारतीय नौसेना ने लंबी दूरी की समुद्री टोही की जिम्मेदारी संभाली। 18 नवंबर 1976 को गोवा स्थित आईएनएस हंसा में आईएनएएस 312 की स्थापना की गई। इस स्क्वाड्रन को भारतीय वायु सेना से हस्तांतरित किए गए पांच लॉकहीड सुपर कॉन्स्टेलेशन विमानों से सुसज्जित किया गया था।

वर्ष 1977 में इल्युशिन Il-38 विमानों को शामिल किए जाने से नौसेना की समुद्री टोही और पनडुब्बी रोधी युद्ध क्षमता मजबूत हुई। इसके बाद वर्ष 1988 में आईएनएएस 312 में टुपोलेव टीयू-142एम विमानों को शामिल किया गया, जिससे हिंद महासागर क्षेत्र में नौसेना की गश्त की पहुंच और अधिक विस्तृत हो गई। वर्ष 2013 में अरक्कोनम स्थित आईएनएस राजाली में बोइंग पी-8I विमानों को शामिल करना एक बड़ी तकनीकी उपलब्धि साबित हुआ। इन विमानों ने व्यापक क्षेत्र में खुफिया जानकारी जुटाने, निगरानी एवं टोही (आईएसआर), पनडुब्बी रोधी युद्ध और समुद्री हमले की क्षमताओं को और अधिक उन्नत बनाया।

पिछले पांच दशकों के दौरान भारतीय नौसेना के एलआरएमआर विमानों ने ऑपरेशन कैक्टस, विजय, पराक्रम और सिंदूर सहित कई महत्वपूर्ण अभियानों के साथ-साथ समुद्री डकैती विरोधी अभियानों और खोज एवं बचाव मिशनों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वर्तमान में आईएनएस राजाली, अरक्कोनम के आईएनएएस 312 में पी-8I और आईएनएस हंसा, गोवा में तैनात आईएनएएस 316 के विमान हिंद महासागर और उससे आगे के क्षेत्रों में निरंतर निगरानी बनाए रखने के साथ-साथ भारत के समुद्री हितों की रक्षा कर रहे हैं।

यह स्वर्ण जयंती उन सभी पीढ़ियों के नौसैनिक विमान चालकों, मिशन क्रू, तकनीकी रखरखाव कर्मियों और सहयोगी कर्मचारियों के समर्पण, प्रतिबद्धता और पेशेवर दक्षता को सम्मानित करती है, जिन्होंने पांच दशकों में इस महत्वपूर्ण क्षमता का निर्माण और उसे बनाए रखने में योगदान दिया है।

Editor

Recent Posts

बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान अकवान के आज गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका

बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान अकवान आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ रहा…

3 घंटे ago

भारत ने पाकिस्तान को 2-1 से हराकर 10वीं बार सैफ फुटबॉल चैंपियनशिप का खिताब जीता

भारत ने 10वीं बार सैफ फुटबॉल चैंपियनशिप का खिताब जीत लिया है। ढाका में कल…

3 घंटे ago

अमरीका ने होर्मुज जलडमरूमध्य में क़ेशम द्वीप पर ईरान के मिसाइल प्रक्षेपण केंद्र पर हमला किया

अमरीका ने होर्मुज़ जलडमरूमध्य में ईरान के क़ेश्म द्वीप पर मिसाइल प्रक्षेपण केन्‍द्र पर सटीक…

4 घंटे ago

उत्तर प्रदेश की मसौदा मतदाता सूची में 13 करोड़ 58 लाख मतदाता शामिल

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए मतदाता सूची का मसौदा जारी कर…

5 घंटे ago

मनीला शिखर सम्मेलन में क्वाड नेताओं ने समुद्री सुरक्षा, एआई और साइबर सुरक्षा पर नई पहलों की घोषणा की

क्वाड के नेताओं ने फिलीपींस के मनीला में हुए शिखर सम्मेलन में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में…

5 घंटे ago