insamachar

आज की ताजा खबर

Kedarnath Dham in Uttarakhand opens for devotees starting today.
भारत मुख्य समाचार

उत्तराखंड में केदारनाथ धाम आज से श्रद्धालुओं के लिए खुला

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित केदारनाथ धाम के कपाट आज सुबह आठ बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए हैं।

कपाट खुलने के अवसर पर केदारनाथ धाम को भव्य रूप से सजाया गया है और पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल है। धाम में हजारों श्रद्धालु मौजूद हैं और पूरी केदार घाटी हर–हर महादेव और जय शिव शंकर के जयकारों से गुंजायमान है। केदारनाथ सभा के वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित उमेश चंद पोस्ती ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन और बदरीनाथ–केदारनाथ मंदिर समिति ने सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यात्रा मार्ग और धाम में पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। वहीं, श्रद्धालुओं का कहना है कि यात्रा मार्ग और धाम में प्रशासन की ओर से व्यापक प्रबंध किए गए हैं। गौरतलब है कि बदरीनाथ धाम के कपाट कल सुबह श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे, जबकि गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को खुल चुके हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज उत्तराखंड देवभूमि में स्थित श्री केदारनाथ धाम के द्वार खुलने के पवित्र अवसर पर श्रद्धा व्यक्त करते हुए श्रद्धालुओं को अपनी शुभकामनांए दीं। इसके साथ ही इस वर्ष की चारधाम यात्रा भी प्रारंभ हो गई है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड में यात्रा के लिए आने वाले सभी श्रद्धालुओं को लिखे गए अपने पत्र के माध्यम से अपनी भावपूर्ण अभिव्‍यक्‍ति‍ के साथ उनके कुशल मंगल के लिए शुभकामनाएं देते हुए प्रार्थना की। इस अवसर के आध्यात्मिक महत्व का उल्‍लेख करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केदारनाथ धाम और चारधाम यात्रा भारत की अटूट आस्था, एकता और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का दिव्य उत्सव है। उन्होंने कहा कि इन तीर्थयात्राओं से देश की शाश्वत विरासत और आध्यात्मिक चेतना के दर्शन होते हैं।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *