insamachar

आज की ताजा खबर

भारत

गृह मंत्रालय ने लोगों को व्हाट्सऐप वेब का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहने की सलाह दी

गृह मंत्रालय ने लोगों को व्हाट्सऐप वेब का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहने की सलाह दी है। भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र-आई फोर सी ने इस सम्‍बंध में एक परामर्श जारी किया है। आई फोर सी की विश्लेषण इकाई ने आशंका जताई है कि व्हाट्सऐप वेब के प्रमाणित सत्र का दुरुपयोग कर किसी के व्हाट्सऐप खाते तक अनधिकृत पहुंच बनाई जा सकती है।

परामर्श के अनुसार, इस तरह की अनधिकृत पहुंच से साइबर अपराधी किसी के संदेश पढ़ने के साथ-साथ उसकी पहचान का इस्तेमाल कर संदेश भेज सकते हैं। इसके अलावा, वे संपर्कों और ग्रुप चैट तक भी पहुंच बना सकते हैं। इसके माध्‍यम से धोखाधड़ी, फिशिंग और सोशल इंजीनियरिंग जैसे साइबर अपराधों के लिए किया जा सकता है।

परामर्श में लोगों को कंप्यूटर पर व्हाट्सऐप वेब के माध्यम से आधिकारिक या संवेदनशील कामकाज करने और सरकारी, संगठनात्मक, वित्तीय तथा गोपनीय जानकारी साझा करने से बचने की सलाह दी गई है।

लोगों से यह भी कहा गया है कि वे व्हाट्सऐप वेब को हमेशा लॉग-इन न रखें और प्रत्येक सत्र के बाद स्वयं लॉग-आउट करें। इसके साथ ही ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउजर और सुरक्षा सॉफ्टवेयर को नियमित रूप से अपडेट रखने तथा संदिग्ध डाउनलोड, अनजान फाइलों, क्रैक्ड सॉफ्टवेयर और अविश्वसनीय अटैचमेंट से बचने पर भी बल दिया गया है।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *