भारत

NHAI ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर दूरसंचार आधारित सुरक्षा चेतावनी प्रणाली स्थापित करने के लिए रिलायंस जियो के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए

राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षा बढ़ाने और निर्बाध यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क पर एक दूरसंचार-आधारित सुरक्षा चेतावनी प्रणाली शुरू करने हेतु रिलायंस जियो के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। जियो के मौजूदा 4G और 5G नेटवर्क का उपयोग करते हुए, यात्रियों को दुर्घटना-प्रवण क्षेत्रों, आवारा पशुओं के क्षेत्रों, कोहरे से प्रभावित क्षेत्रों और आपातकालीन मोड़ों जैसे चिन्हित जोखिम वाले स्थानों के पास पहुंचने पर उनके मोबाइल फोन पर अग्रिम चेतावनी प्राप्त होगी।

इस पहल का उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ताओं को समय पर सूचना प्रदान करके सड़क सुरक्षा को मज़बूत करना है, जिससे वे गति और ड्राइविंग व्यवहार को पहले से समायोजित कर सकें। राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ताओं को एसएमएस, व्हाट्सएप और उच्च-प्राथमिकता वाली कॉल के माध्यम से अलर्ट भेजे जाएंगे। इस प्रणाली को चरणबद्ध तरीके से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के डिजिटल प्लेटफॉर्म, जिसमें ‘राजमार्गयात्रा’ मोबाइल एप्लिकेशन और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 1033 शामिल हैं, के साथ एकीकृत किया जाएगा।

यह स्वचालित प्रणाली राष्ट्रीय राजमार्गों पर या उसके आस-पास सभी जियो मोबाइल उपयोगकर्ताओं के लिए काम करेगी और राष्ट्रीय राजमार्ग यात्रियों को किसी खतरनाक क्षेत्र में प्रवेश करने से पहले ही चेतावनी प्रदान करेगी। यह समाधान मौजूदा दूरसंचार टावरों का उपयोग करेगा। इसे शीघ्र स्थापित किया जा सकता है। यह रणनीतिक साझेदारी जियो के डिजिटल बुनियादी ढांचे का लाभ उठाएगी – जो देश में 50 करोड़ से ज़्यादा ग्राहकों को सेवा प्रदान करेगा।

इस पहल पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अध्यक्ष संतोष कुमार यादव ने कहा कि यह पहल यात्रियों को समय पर और विश्वसनीय जानकारी प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे वे सोच-समझकर निर्णय ले सकेंगे और पहले से ही सुरक्षित ड्राइविंग के तरीके अपना सकेंगे। मुझे विश्वास है कि यह पहल राष्ट्रीय राजमार्ग पर तकनीक-सक्षम सड़क सुरक्षा प्रबंधन में एक नया मानक स्थापित करेगी।

रिलायंस जियो के अध्यक्ष ज्योतिंद्र ठाकर ने कहा कि यह पहल जियो के दूरसंचार नेटवर्क की पहुंच का उपयोग करके बड़े पैमाने पर समय पर सुरक्षा अलर्ट प्रदान करती है, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा अधिक सुरक्षित और अधिक सूचित हो जाती है।

इस पहल की प्रारंभिक पायलट तैनाती भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के कुछ क्षेत्रीय कार्यालयों के अंतर्गत जोखिम-क्षेत्र की पहचान और अलर्ट सीमा निर्धारित करने में सहायक होगी। यह पहल सभी लागू नियामक प्रावधानों और डेटा-सुरक्षा आवश्यकताओं का पूरी तरह से पालन करेगी।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण अन्य दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के साथ भी इसी तरह की पहल करेगा। मज़बूत डिजिटल बुनियादी ढांचे को रीयल-टाइम संचार उपकरणों के साथ जोड़कर, यह पहल यात्रियों की जागरूकता बढ़ाने और रोके जा सकने वाले सड़क हादसों को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ऐसे नवोन्मेषी, व्यापक समाधान अपनाने के लिए प्रतिबद्ध है जो देश भर में राष्ट्रीय राजमार्ग यात्रा को अधिक सुरक्षित, स्मार्ट और कुशल बनाएंगे।

Editor

Recent Posts

DRDO ने ओडिशा के चांदीपुर से सतह से सतह पर मार करने वाली क्वासी-बैलिस्टिक मिसाइल प्रलय का सफल परीक्षण किया

रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन-डीआरडीओ ने कल ओडिशा के चांदीपुर एकीकृत परीक्षण केंद्र से स्वदेशी…

2 घंटे ago

सरकार ने देश की स्वदेशी एआई क्षमताओं को मजबूत करने के लिए इंडिया एआई मिशन के अंतर्गत 3 नए स्वदेशी एआई फाउंडेशन मॉडल लॉन्च किए

भारत ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस-एआई के क्षेत्र में एक बड़ी पहल की है। सरकार ने कल…

2 घंटे ago

NHRC ने मध्य प्रदेश और राजस्थान के सीमावर्ती जिलों से महाराष्ट्र के शहरों में बालिकाओं की बिक्री और तस्करी की खबरों पर स्वत: संज्ञान लिया

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने मीडिया में प्रकाशित उस खबर पर संज्ञान लिया है, जिसमें…

15 घंटे ago

आईएनएस सह्याद्रि ने बुसान में भारत-कोरिया गणराज्य नौसेना द्विपक्षीय अभ्यास संपन्न किया

भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस सह्याद्रि ने 29 अक्टूबर, 2026 को कोरिया गणराज्य के बुसान…

17 घंटे ago

APEDA ने अरुणाचल प्रदेश के ज़िरो से दुबई तक 1.5 मीट्रिक टन (एमटी) कीवी के प्रायोगिक निर्यात में सहायता की

भारत सरकार के वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले 'कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य…

17 घंटे ago