राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शिक्षक दिवस पर शिक्षकों से प्रौद्योगिकी अपनाने और नवीन शिक्षण पद्धतियों को लागू करने का आग्रह किया
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शिक्षक दिवस पर शिक्षकों से प्रौद्योगिकी अपनाने और नवीन शिक्षण पद्धतियों को लागू करने का आग्रह किया है। शिक्षक दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने और चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आज 48 शिक्षकों को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
हर वर्ष 5 सितंबर को पूरे भारत में शिक्षक दिवस मनाया जाता है। यह दिन देश के पूर्व राष्ट्रपति प्रसिद्ध शिक्षाविद्, लेखक और दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। यह अवसर राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों और शिक्षाविदों की महत्वपूर्ण भूमिका का सम्मान करता है। शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को बदलते हैं, पीढियों को दिशा देते हैं और समाज की नींव को मजबूत करते हैं। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज सुबह नई दिल्ली में 48 स्कूली शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्रदान करेंगी। चयनित 48 शिक्षक 27 राज्य 7 केन्द्र शासित प्रदेशों और छह केन्द्रीय सरकारी संगठनों से हैं। राष्ट्रपति उच्च शिक्षा संस्थानों और पॉलिटेक्निक के 21 शिक्षकों और संकाय सदस्यों को भी राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान करेंगी।





