भारत

संसद ने कराधान एवं अन्य विधियां संशोधन विधेयक, 2026 पारित किया

संसद ने कराधान एवं अन्य विधियां संशोधन विधेयक 2026 को पारित कर दिया है। राज्यसभा ने इस विधेयक को चर्चा के बाद आज लोकसभा को वापस भेज दिया है। लोकसभा पहले ही इस विधेयक को पारित कर चुकी है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने यह विधेयक पेश किया था।

इस विधेयक के माध्यम से भुगतान एवं निपटान प्रणाली अधिनियम, 2007, आयकर अधिनियम, 2025 और वित्त अधिनियम, 2026 में संशोधन किया गया है। यह विधेयक आयकर (संशोधन) अध्यादेश, 2026 का स्थान लेगा, जिसे इस वर्ष 5 जून को जारी किया गया था। अध्यादेश को बाहरी आर्थिक जोखिम के प्रभाव को कम करने, घरेलू अर्थव्यवस्था में स्थिरता सुनिश्चित करने और अधिनियम के कुछ प्रावधानों में संशोधन करके मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों से प्रभावित प्रमुख क्षेत्रों को समर्थन देने के उद्देश्य से जारी किया गया था। विधेयक के तहत विदेशी संस्थागत निवेशकों और अंतर्राष्ट्रीय निपटान बैंक को सरकारी प्रतिभूतियों में निवेश पर अर्जित ब्याज पर आयकर से छूट दी गई है। यह छूट इस वर्ष पहली अप्रैल या उसके बाद अर्जित आय पर लागू होगी। पहले आयकर अधिनियम के तहत ब्याज आय पर 20 प्रतिशत, अल्पकालिक पूंजीगत लाभ पर 30 प्रतिशत और दीर्घकालिक पूंजीगत लाभ पर 12.5 प्रतिशत कर लगता था। इस विधेयक में आयकर अधिनियम में आगे संशोधन करके अधिसूचित विशेष क्षेत्र में कच्चे हीरों की बिक्री से कुछ विदेशी कंपनियों द्वारा अर्जित आय को कर से छूट प्रदान की गई है।

चर्चा का जवाब देते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा कि विधेयक का उद्देश्य भारत के विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करना, और अधिक निवेश आकर्षित करना, रोजगार सृजित करना और विनिर्माण गतिविधियों को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि दूसरा प्रमुख सुधार भारत में निर्दिष्ट डेटा केंद्रों से डेटा सेवाएं प्राप्त करने वाली विदेशी कंपनियों को कर छूट प्रदान करने से संबंधित है। निर्मला सीतारामन ने कहा कि इस उपाय से वैश्विक क्लाउड सेवा प्रदाताओं के लिए व्यापार करने में आसानी बढ़ेगी, भारत के डेटा सेंटर पारिस्थितिकी तंत्र का विस्तार होगा और एआई-संचालित डेटा शहरों के विकास में सहायता मिलेगी। उन्होंने बताया कि इन सुधारों से भारतीय कंपनियों को काफी लाभ होगा क्योंकि मौजूदा डेटा केंद्र अपने संचालन का विस्तार करेंगे।

वित्‍त मंत्री ने स्पष्ट किया कि विधेयक में यूपीआई उपयोगकर्ताओं पर कोई कर या लेनदेन शुल्क नहीं लगाया गया है। निर्मला सीतारामन ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक भुगतान माध्यमों को शुल्क से वैधानिक सुरक्षा मिलती रहेगी। उन्‍होंने कहा कि व्यापारी छूट दर-एमडीआर के किसी ढांचे को अभी तक अंतिम रूप नहीं दिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि छोटे व्यापारियों और उपभोक्ताओं को यूपीआई पर एमडीआर शुल्क नहीं देना होगा।

वित्त मंत्री ने कहा कि इस संशोधन का उद्देश्य वैश्विक हीरा व्यापार गतिविधियों को आकर्षित करना भी है। इसका उद्देश्य देश के भीतर हीरों के वित्तपोषण, खरीद-बिक्री के लिए एक व्यापक पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा देना भी है। निर्मला सीतारामन ने कहा कि प्रस्तावित कर छूटों के साथ, ये वैश्विक कंपनियां भारत में थोक व्यापार स्थापित कर सकते हैं, जिससे भारतीय खरीदारों के लिए उनकी पहुंच आसान हो जाएगी।

इससे पहले, चर्चा में भाग लेते हुए, भाजपा के तरुण चुघ ने विधेयक का समर्थन करते हुए कहा कि यह स्थानीय और वैश्विक दोनों स्तरों पर राष्ट्र की प्रगति में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि यह विधेयक देश की अर्थव्यवस्था को महत्वपूर्ण गति प्रदान करेगा और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को और मजबूत करेगा।

डीएमके के पी. विल्सन ने चिंता व्यक्त की कि विधेयक के कुछ प्रावधान गरीबों, मध्यम वर्ग और आम आदमी को प्रभावित करेंगे।

आम आदमी पार्टी के संजय सिंह ने दावा किया कि छोटे लेन-देन पर कर लगाकर यह विधेयक छोटे विक्रेताओं को प्रभावित करेगा। कई अन्य सदस्यों ने भी चर्चा में भाग लिया।

Editor

Recent Posts

वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने भारत-ब्राजील व्यापार निगरानी तंत्र की 8वीं बैठक की सह-अध्यक्षता की

भारत-ब्राजील व्यापार निगरानी तंत्र (टीएमएम) की 8वीं बैठक ब्राजील के ब्रासीलिया में संपन्न हुई। इस…

2 घंटे ago

अमरीकी सेना ने ईरान के रॉकेट लॉन्चरों पर हमले किए, जवाब में ईरान ने पश्चिम एशिया में अमरीकी ठिकानों को निशाना बनाया

अमरीका ने कल रात होर्मुज जलडमरूमध्य में स्थित लारक द्वीप पर ईरान के सैन्य ठिकानों…

6 घंटे ago

वित्‍त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा – वित्त वर्ष 2026-27 में भारत की आर्थिक विकास दर 7 प्रतिशत या उससे अधिक रहने की संभावना

वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 में भारत की आर्थिक विकास…

6 घंटे ago

प्रधानमंत्री मोदी शंघाई सहयोग संगठन समिट में शामिल होने के लिए किर्गिस्तान पहुंचे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के किर्गिस्तान दौरे पर बिश्केक पहुंच गए हैं। हवाई अड्डे…

6 घंटे ago

प्रधानमंत्री मोदी को उज़्बेकिस्तान का विदेशी नेताओं को दिया जाना वाला सर्वोच्च सम्मान ‘‘ओली दाराजली दोस्तलिक’’ दिया गया

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को उज़्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्ज़ियोयेव द्वारा दोनों देशों के बीच मित्रता…

6 घंटे ago

प्रधानमंत्री मोदी ने शास्त्री स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की और ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज का दौरा किया

प्रधानमंत्री ने आज ताशकंद में शास्त्री स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस वर्ष ताशकंद में…

6 घंटे ago