insamachar

आज की ताजा खबर

India-New Zealand A Successful Partnership
भारत

प्रधानमंत्री मोदी ने न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर द्वारा आयोजित “भारत-न्यूजीलैंड: एक सफल साझेदारी” विषय पर आधारित एक विशेष भोज समारोह में भाग लिया

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर द्वारा आयोजित “भारत-न्यूजीलैंड: एक सफल साझेदारी” विषय पर आधारित एक विशेष भोज समारोह में भाग लिया। इस कार्यक्रम में राजनीति, व्यापार, उद्योग, शिक्षा, प्रौद्योगिकी, खेल और कला जगत की कई प्रमुख हस्तियों ने भाग लिया।

प्रधानमंत्री लक्सन ने अपने स्वागत भाषण में भारत और न्यूजीलैंड के बीच गहरे और अटूट संबंधों का उल्‍लेख किया और द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने तथा आपसी समृद्धि को आगे बढ़ाने के लिए एक साझा दृष्टिकोण प्रस्तुत किया। प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों देशों के बीच पूरकताओं और उनके अटूट जन-संबंधों का उल्लेख किया। उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने का स्वागत किया और विश्वास व्यक्त किया कि इससे जारी सहयोग अधिक मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड समय में संपन्न हुआ भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) दोनों देशों के व्यवसायों, युवाओं और किसानों के लिए नए अवसर खोलेगा और 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने के लक्ष्य को प्राप्त करने में सहायक होगा।

भव्य भोज के बाद, प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री लक्सन ने आयोजन स्थल पर प्रदर्शित अत्याधुनिक खेल उपकरणों का जायजा लिया। उन्होंने न्यूजीलैंड के प्रतिष्ठित खिलाड़ियों और उच्च प्रदर्शन वाले खेलों से जुड़े अन्य हितधारकों से भी बातचीत की। प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों पक्षों के बीच 100 वर्षों के खेल सहयोग को याद करते हुए कहा कि इस यात्रा के दौरान संपन्न हुई खेल संयुक्त कार्य योजना से दोनों देशों को क्रिकेट से परे संबंधों का विस्तार करने में मदद मिलेगी। यह यात्रा खेल सहयोग को बढ़ाने की दोनों पक्षों की इच्छा के अनुरूप थी, विशेष रूप से भारत द्वारा 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी की तैयारियों को ध्‍यान में रखते हुए।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *