भारत

प्रधानमंत्री मोदी ने उद्योग जगत से निवेश संबंधी सभी दूरगामी फैसलों का आधार ‘इंडिया फर्स्ट’ को बनाने का आह्वान किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उद्योग जगत से अगले 20 वर्षों में निवेश संबंधी सभी दूरगामी फैसलों का आधार ‘इंडिया फर्स्ट’ यानी ‘भारत प्रथम’ को बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि इससे आत्मनिर्भर राष्ट्र का निर्माण होगा और उद्योगों के विकास के नए अवसर भी खुलेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी आज नई दिल्ली में भारतीय वाणिज्य उद्योग परिसंघ फिक्की के शताब्दी समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 100 वर्षों के दौरान फिक्की ने देश के उद्योग जगत को कई उपलब्धियां हासिल करते देखा है। अब यह तय करने का समय है कि भारतीय उद्योग अगले 20 वर्षों में क्या हासिल कर सकता है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 100 वर्षों में भारतीय अर्थव्यवस्था ने कई दौर देखे हैं। देश ने लाइसेंस-कोटा राज, राष्ट्रीयकरण के असफल प्रयोग और 21वीं सदी में भारत को कमजोर अर्थव्यवस्थाओं के समूह-फ्रैजाइल फाइव में शामिल होते देखा है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में युवाओं, किसानों, श्रमिकों और उद्योग जगत के नेताओं ने इस स्थिति को बदलने के लिए कड़ी मेहनत की है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है और इसकी विकास दर लगभग सात प्रतिशत रहने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि पिछले महीने भारत का वस्तु निर्यात लगभग 50 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जो अब तक का सबसे अधिक मासिक वस्तु निर्यात है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के मजबूत प्रदर्शन के कारण मूडीज रेटिंग्स, एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स, फिच रेटिंग्स, विश्व बैंक और एशियाई विकास बैंक जैसी संस्थाएं देश की विकास दर के अनुमान बढ़ा रही हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि विश्व बैंक की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार, केवल 12 से 13 वर्षों में 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने कहा कि 1970 के दशक में जब ‘गरीबी हटाओ’ का नारा दिया गया था, तब भी भारत की आबादी लगभग 50 करोड़ थी और उसी समय गरीबी समाप्त की जा सकती थी। लेकिन फिक्की इस बात का साक्षी है कि उस समय नीतियों में कमी थी और सही नीयत का भी अभाव था।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब सरकार ने सही नीतियों और नेक नीयत के साथ काम किया, तो केवल 12 से 13 वर्षों में 50 करोड़ गरीब लोग गरीबी से बाहर आ गए। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट है कि आज भारत जिस गति और दिशा में आगे बढ़ रहा है, वह सही है और देश की सफलता की गारंटी है।

फिक्की की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री ने संगठन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसी संगठन का सौ वर्षों तक लगातार सजग और सक्रिय रहना, बदलते समय के साथ खुद को विकसित करना और देश की आर्थिक यात्रा में अपनी भूमिका निभाते रहना एक बड़ी उपलब्धि है।

Editor

Recent Posts

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह रविवार को दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत आएंगे

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह रविवार को दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत आएंगे। इस…

41 मिनट ago

बोत्सवाना में जन्मी मादा चीता ने जंगल में चार शावकों को जन्म दिया; भारत में चीतों की संख्या बढ़कर 62 हो गई

बोत्सवाना से लाई गई मादा चीता ने जंगल में चार स्वस्थ शावकों को जन्म दिया…

48 मिनट ago

भीषण चक्रवाती तूफान अकवान उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी उड़ीसा के तटों के निकट गोपालपुर पहुंचा

मौसम विभाग ने कहा है कि बंगाल की खाड़ी में बने भीषण चक्रवाती तूफान ‘अकवान’…

5 घंटे ago

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने IACC द्वारा आयोजित 23वें भारत-अमेरिका आर्थिक सम्मेलन को संबोधित किया

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आज नई दिल्ली में, इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ…

5 घंटे ago