भारत

प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार में 12,100 करोड़ रुपये लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास कर उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज बिहार के दरभंगा में लगभग 12,100 करोड़ रुपये लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इन विकास परियोजनाओं में स्वास्थ्य, रेल, सड़क, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस क्षेत्र शामिल हैं।

स्वास्थ्य संबंधी बुनियादी ढांचे को इस क्षेत्र में बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री ने दरभंगा में 1,260 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले एम्स की आधारशिला रखी है। इसमें एक सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल/आयुष ब्लॉक, मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, रैन बसेरा और आवासीय सुविधाएं होंगी। यह बिहार और आस-पास के क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य देखभाल सुविधाएं प्रदान करेगा।

इन विकासात्मक परियोजनाओं का मुख्य लक्ष्य सड़क और रेल क्षेत्रों में नई परियोजनाओं के माध्यम से इस क्षेत्र में संपर्क सुविधा को बढ़ावा देना है। प्रधानमंत्री ने बिहार में लगभग 5,070 करोड़ रुपये लागत वाली कई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

उन्होंने एनएच-327ई के चार लेन वाले गलगलिया-अररिया खंड का उद्घाटन किया। यह गलियारा पूर्व-पश्चिम गलियारे (एनएच-27) पर अररिया से पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के गलगलिया तक एक वैकल्पिक मार्ग प्रदान करेगा। उन्होंने एनएच-322 और एनएच-31 पर दो रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) का भी उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने बंधुगंज में एनएच-110 पर एक प्रमुख पुल का उद्घाटन किया जो जहानाबाद को बिहारशरीफ से जोड़ेगा।

प्रधानमंत्री ने आठ राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला रखी, जिनमें रामनगर से रोसरा तक पक्की सड़कों के साथ दो लेन की सड़क का निर्माण, बिहार-पश्चिम बंगाल सीमा से एनएच-131ए के मनिहारी खंड, हाजीपुर से महनार और मोहिउद्दीन नगर होते हुए बछवाड़ा, सरवन-चकाई खंड आदि शामिल हैं। उन्होंने एनएच-327ई पर रानीगंज बाईपास, एनएच-333ए पर कटोरिया, लखपुरा, बांका और पंजवारा बाईपास और एनएच-82 से एनएच-33 तक चार लेन की लिंक रोड का भी शिलान्यास किया।

प्रधानमंत्री ने 1,740 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली रेल परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने बिहार के औरंगाबाद जिले में चिरालापोथु से बाघा बिशुनपुर तक 220 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली सोननगर बाईपास रेलवे लाइन की आधारशिला भी रखी।

प्रधानमंत्री मोदी ने 1,520 करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं को भी राष्ट्र को समर्पित किया। इनमें झंझारपुर-लौकाहा बाजार रेल खंड का आमान परिवर्तन, दरभंगा जंक्शन पर रेल यातायात भीड़ को कम करने के लिए दरभंगा बाईपास रेलवे लाइन, बेहतर संपर्क सुविधा प्रदान करने की दिशा में रेलवे लाइन परियोजनाओं का दोहरीकरण कार्य आदि शामिल हैं।

प्रधानमंत्री ने झंझारपुर-लौकाहा बाजार खंड में ट्रेन सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाई। इस खंड में मेमू ट्रेन सेवाओं की शुरुआत से आस-पास के कस्बों और शहरों में नौकरी, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच आसान हो जाएगी।

प्रधानमंत्री ने देशभर के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर 18 प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र समर्पित किए। इससे यात्रियों को रेलवे स्टेशनों पर सस्ती दवाइयां उपलब्ध होंगी। इससे जेनेरिक दवाओं के बारे में जागरूकता और स्वीकार्यता को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्वास्थ्य सेवा पर होने वाले कुल खर्च में कमी आएगी।

प्रधानमंत्री ने पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस क्षेत्र में 4,020 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली कई योजनाओं की आधारशिला रखी। घरों तक पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) पहुंचाने और वाणिज्यिक और औद्योगिक क्षेत्रों को स्वच्छ ऊर्जा विकल्प प्रदान करने के दृष्टिकोण के अनुरूप, प्रधानमंत्री ने भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा बिहार के पांच प्रमुख जिलों दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, सीतामढ़ी और शिवहर में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) नेटवर्क के विकास की आधारशिला रखी। उन्होंने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड की बरौनी रिफाइनरी की बिटुमेन निर्माण इकाई की भी आधारशिला रखी, जो घरेलू स्तर पर बिटुमेन का उत्पादन करेगी, जिससे आयातित बिटुमेन पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।

Editor

Recent Posts

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के मद्देनजर निर्वाचन आयोग ने कोलकाता में राजनीतिक दलों के साथ बैठक की

निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि विशेष गहन पुनरीक्षण-एसआईआर का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना…

10 घंटे ago

NHAI ने वर्ष 2025-26 के लिए राष्ट्रीय राजमार्गों पर पहली वार्षिक रिपोर्ट – हरित आवरण सूचकांक (NH-GCI) जारी की

राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे पौधारोपण का मात्रात्मक आकलन प्रदान करने के उद्देश्य से, राष्ट्रीय राजमार्ग…

10 घंटे ago

भारत और न्यूजीलैंड ने 2026 में खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में खेलों में सहयोग के विस्तार पर चर्चा की

केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने आज नई दिल्ली में न्यूजीलैंड…

10 घंटे ago

कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों पर चर्चा के लिए जी-7 देशों ने आज एक आपात बैठक बुलाई

ईरान के साथ अमरीका-इस्राएल संघर्ष तेज़ होने से कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों पर चर्चा…

14 घंटे ago

प्रौद्योगिकी विकास बोर्ड ने BabyQ प्राइवेट लिमिटेड, कटक को बालपन अतिसार के त्वरित जांच संबंधी उपकरण विकसित करने में सहयोग दिया

केन्द्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रौद्योगिकी विकास बोर्ड ने ओडिशा के कटक स्थित बेबीक्यू…

15 घंटे ago

कुनो राष्ट्रीय उद्यान में ‘ज्वाला’ ने पांच शावकों को जन्म दिया, भारत में चीतों की संख्या 53 हुई

केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोमवार को जानकारी दी कि…

15 घंटे ago