भारत

प्रधानमंत्री मोदी ने आज कहा कि उनकी सरकार के विकास के मॉडल में राष्‍ट्र प्रथम है

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज कहा कि उनकी सरकार के विकास के मॉडल में राष्‍ट्र प्रथम है, जोकि तुष्टिकरण पर नहीं बल्कि संतुष्टिकरण पर केंद्रित है। उन्‍होंने कहा कि लोगों ने यह मॉडल परख लिया है, समझ लिया है और इसे समर्थन दिया है इसीलिए उनकी सरकार को तीसरी बार जनादेश मिला है। प्रधानमंत्री ने संसद के दोनों सदनों की संयुक्‍त बैठक में राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण पर धन्‍यवाद प्रस्‍ताव का उत्‍तर देते हुए राज्‍यसभा में यह बात कही।

कांग्रेस की आलोचना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास शासन का वह मॉडल है जिसे कांग्रेस नहीं समझ सकती क्‍योंकि यह पार्टी एक परिवार को समर्पित है। उन्‍होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह बेईमानी, तुष्टिकरण और भाई-भतीजावाद के मॉडल का अनुसरण करती है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने कौशल विकास, वित्‍तीय समावेशन और औद्योगीकरण को प्राथमिकता का क्षेत्र माना है।

प्रधानमंत्री मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस डॉ. बाबा साहेब से नफरत करती थी और उन्‍हें चुनाव में हराने के लिए कांग्रेस ने कोई कसर नहीं छोड़ी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहेब को भारत रत्‍न सम्‍मान के योग्‍य नहीं समझा। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्‍होंने दिव्‍यांगजनों के कल्‍याण के लिए सरकार के प्रयासों का भी उल्‍लेख किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने ट्रांसजेंडर समुदाय के कानूनी अधिकार सुनिश्चित किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने अन्‍य पिछडा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देने की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा किया है।

अभिव्‍यक्ति की स्‍वतंत्रता को दबाने के विपक्ष के आरोप को खारिज करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने अभिनेता बलराज सहानी और गायक किशोर कुमार तथा गीतकार मजनू सुल्‍तानपुरी जैसी प्रमुख हस्तियों का जिक्र किया, जिनके खिलाफ तत्‍कालीन सरकार ने इसलिए कार्रवाई की क्‍योंकि वे लोग सरकार की हां में हां नहीं मिला रहे थे।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विकासशील से विकसित देश बनने की यात्रा बुनियादी सुविधाओं के विकास से होकर गुजरती है। उन्‍होंने कहा कि सरकार देशभर में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर ध्‍यान दे रही है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मध्‍यम वर्ग आत्‍मविश्‍वास से भरा है और वह देश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने के लिए कृतसंकल्‍प है। प्रधानमंत्री ने कहा कि मध्‍यम वर्ग की आकांक्षाएं राष्‍ट्र की प्रगति की मजबूत नींव है। उन्‍होंने गरीबों और वंचितों के कल्‍याण को अपनी सरकार की प्राथमिकता बताया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरकार पी एम जन मन जैसी योजनाओं से जनजातीय समुदायों को सशक्‍त बना रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनकी सरकार के कार्यकाल में गरीबों के सशक्‍तीकरण के लिए जो कार्य हुए वो पहले कभी नहीं हुए थे।

अपनी समापन टिप्‍पणी में प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्‍ट्रपति का अभिभाषण देश की उपलब्धियों, भारत से दुनिया की अपेक्षाओं, देश के जनसाधारण के आत्‍मविश्‍वास और विकसित भारत के संकल्‍प का विस्‍तृत व्‍याख्‍यान है। इससे पहले जब प्रधानमंत्री बोल रहे थे, तो कुछ विपक्षी सदस्‍यों ने सदन में शोर-शराबा किया।

प्रधानमंत्री के उत्‍तर के बाद राज्‍यसभा ने राष्‍ट्रपति के अभिभाषण पर धन्‍यवाद प्रस्‍ताव को पारित किया और अनेक विपक्षी सांसदों की ओर से की गई संशोधनों की मांग को ध्‍वनिमत से खारिज कर दिया। बाद में राज्‍यसभा को दिनभर के लिए स्‍थगित कर दिया।

Editor

Recent Posts

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने लिकटेंस्टाइन के राजकुमार एलोइस से भेंट की

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत की राजकीय यात्रा पर आए लिकटेंस्टाइन…

4 मिनट ago

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने फिलीपींस में एडीएमएम-प्लस के मौके पर अमेरिकी सेक्रेटरी ऑफ वार पीट हेगसेठ के साथ बैठक की

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने फिलीपींस के सेबू में आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस (एडीएमएम-प्लस)…

7 मिनट ago

भारत ने आर्मेनिया के येरेवन में CBD COP-17 में जैव विविधता संरक्षण, जैव सुरक्षा तथा पहुंच एवं लाभ साझाकरण पर चार प्रमुख प्रकाशन जारी किए

केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने आज आर्मेनिया के येरेवन में…

11 मिनट ago

NHRC ने ‘महिला कैदियों और उनके बच्चों के मानवाधिकारों के संरक्षण’ पर एक परामर्श जारी किया

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने नौ केंद्रीय मंत्रालयों, मुख्य सचिवों/प्रशासकों, सभी राज्यों और केंद्र शासित…

13 मिनट ago

NTA ने UGC NET दिसंबर 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाई

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (यूजीसी) नेट दिसंबर…

5 घंटे ago

केंद्र सरकार ने कूनो राष्ट्रीय उद्यान में बंदूक के छर्रे लगने से 19 महीने के नर चीते की मौत को गंभीरता से लिया

केंद्र सरकार ने मध्य प्रदेश के कुनो राष्‍ट्रीय उद्यान में 19 महीने के नर चीते…

5 घंटे ago