insamachar

आज की ताजा खबर

PM Modi Visit
Current Affairs भारत

प्रधानमंत्री मोदी आगामी जी7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए 14 से 18 जून तक फ्रांस और स्लोवाकिया के दौरे पर जाएंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी जी7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए इस महीने की 14 से 18 तारीख तक फ्रांस और स्लोवाकिया के दौरे पर रहेंगे। आज दोपहर नई दिल्ली में मीडिया को जानकारी देते हुए विदेश मंत्रालय में पश्चिमी मामलों के सचिव सिबी जॉर्ज ने बताया कि प्रधानमंत्री की यह यात्रा अत्यंत उपयोगी और व्यापक होगी। इस दौरान वे फ्रांस में तीन स्थानों – नीस, एवियन और पेरिस, तथा स्लोवाकिया जाएंगे।

सिबी जॉर्ज ने बताया कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री मोदी 15 से 17 जून तक होने वाले 52वें जी7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए एवियन की यात्रा करेंगे। भारत को भागीदार देश के रूप में आमंत्रित किया गया है। सिबी जॉर्ज ने कहा कि यह दौरा, प्रधानमंत्री को, जी7 शिखर सम्मेलन में हिस्‍सा लेने वाले विश्व नेताओं के साथ, भारत और ग्‍लोबल साउथ के लिए महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करने का अवसर प्रदान करेगा। यह जी7 शिखर सम्मेलन में भारत की 13वीं भागीदारी और प्रधानमंत्री मोदी की जी7 शिखर सम्मेलन में लगातार सातवीं भागीदारी होगी।

सिबी जॉर्ज ने बताया कि 16 और 17 जून को जी7 शिखर सम्मेलन का आउटरीच सत्र आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री अन्य आमंत्रित देशों के साथ इसमें भाग लेंगे। इसमें मुख्य रूप से अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों के नवीनीकरण, विकास में एकजुटता, साझा और संतुलित विकास तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के कुशल कार्यान्वयन जैसे विषयों पर चर्चा होगी। सिबी जॉर्ज ने कहा कि जी7 शिखर सम्मेलनों में भारत की नियमित भागीदारी, शांति, सुरक्षा, विकास और पर्यावरणीय स्थिरता से संबंधित वैश्विक चुनौतियों के समाधान में भारत की भूमिका और योगदान के बढ़ते महत्‍व को दर्शाती है।

फ्रांस की अध्यक्षता में आयोजित जी7 शिखर सम्मेलन ने चालू वर्ष के लिए कुछ प्रमुख प्राथमिकताओं का चयन किया है। इनमें आर्थिक असंतुलन को कम करना, साझा विकास को बढ़ावा देना, अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों और विकास के प्रति एकजुटता बढ़ाना, महत्वपूर्ण खनिज मूल्य श्रृंखलाओं के लचीलेपन को मजबूत करना, ऑनलाइन माध्यम से छोटे देशों की सुरक्षा करना और प्रमुख भू-राजनीतिक संकटों का समाधान करना शामिल है।

शिखर सम्मेलन के दौरान, प्रधानमंत्री जी7 देशों, सहयोगी देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के साथ द्विपक्षीय बैठकें और चर्चाएं भी करेंगे। शिखर सम्मेलन में आमंत्रित देशों में दक्षिण कोरिया, केन्या, ब्राजील और मिस्र सहयोगी देशों के रूप में शामिल हैं। अन्य आमंत्रित अंतरराष्ट्रीय संगठनों में विश्व बैंक, अफ्रीकी विकास बैंक, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष और आर्थिक सहयोग तथा विकास संगठन-ओईसीडी शामिल हैं।

पश्चिमी यूरोप से सम्‍बद्ध अपर सचिव पीयूष श्रीवास्तव ने बताया कि इस महीने की 14 तारीख को नीस यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री राष्ट्रपति मैक्रों के साथ द्विपक्षीय साझेदारी के सभी क्षेत्रों पर व्यापक चर्चा करेंगे और क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति मैक्रों के साथ संयुक्त रूप से भारत इनोवेट्स का उद्घाटन भी करेंगे। फ्रांस यात्रा के अंतिम चरण में, प्रधानमंत्री मोदी इस महीने की 18 तारीख को पेरिस में द्विपक्षीय वार्ता जारी रखेंगे, जिसमें यूरोप के प्रमुख प्रौद्योगिकी और स्टार्टअप सम्मेलन, वीवा टेक समिट को संबोधित करना भी शामिल है।

प्रधानमंत्री मोदी दो देशों की यात्रा के दौरान 14 जून से 16 जून तक स्लोवाकिया में रहेंगे। पश्चिम मामलों के सचिव सिबी जॉर्ज ने बताया कि यह दौरा ऐतिहासिक है क्योंकि 1993 में स्लोवाकिया की स्वतंत्रता के बाद यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री का स्लोवाकिया का पहला दौरा होगा। प्रधानमंत्री 14 जून को ब्रातिस्लावा पहुंचेंगे और अगले दिन उनका औपचारिक स्वागत किया जाएगा। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल स्तर पर और स्लोवाकिया गणराज्य के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के साथ व्यक्तिगत बैठकें होंगी।

प्रधानमंत्री स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री के साथ मिलकर स्लोवाकिया के व्यापारिक नेताओं से भी बातचीत करेंगे ताकि आर्थिक संबंधों को मजबूत किया जा सके, निवेश प्रवाह को बढ़ावा दिया जा सके और महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार किया जा सके। प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति भवन में स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी से भी बातचीत करेंगे।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *