भारत

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कोटा विमान पत्तन के शिलान्यास समारोह को संबोधित किया

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज वीडियो संदेश के माध्यम से कोटा विमान पत्तन के शिलान्यास समारोह को संबोधित किया। यह हड़ौती क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। प्रधानमंत्री मोदी ने जोर देते हुए कहा, “राजस्थान अभूतपूर्व गति से प्रगति कर रहा है और यह नया विमान पत्तन आर्थिक और औद्योगिक विकास में सहायक होगा।”

सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने अजमेर की अपनी हालिया यात्रा का उल्लेख किया, जहां हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया और 21,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर लगातार आयोजित ये कार्यक्रम राज्य के विकास पथ के बारे में सशक्त संदेश देते हैं और बताते हैं कि “ये हमें बताते हैं कि राजस्थान आज कितनी तेजी से प्रगति कर रहा है।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ के लिए नई उम्मीदों का दिन है, क्योंकि लगभग 1,500 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक विमान पत्तन का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। प्रधानमंत्री मोदी ने क्षेत्र के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “यह आधुनिक विमान पत्तन आने वाले समय में पूरे क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करेगा।”

प्रधानमंत्री ने नवंबर 2023 में अपनी यात्रा को याद करते हुए संतोष व्यक्त किया कि विमान पत्तन के संबंध में जनता से किया गया वादा अब पूरा हो रहा है। उड़ानों के लिए जयपुर या जोधपुर जाने की पिछली असुविधा से मुक्ति का उल्‍लेख करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “जब यह विमान पत्तन शुरू होगा, तो यात्रा आसान हो जाएगी और कोटा सहित पूरे क्षेत्र में व्यापार तेजी से बढ़ेगा।”

प्रधानमंत्री ने कोटा को शिक्षा और ऊर्जा दोनों का एक अनूठा केंद्र बताया, जो परमाणु, कोयला, गैस और जल स्रोतों से विद्युत उत्पादन करता है। प्रधानमंत्री मोदी ने कोटा डोरिया साड़ियों, कोटा पत्‍थर और बूंदी के बासमती चावल जैसे स्थानीय कृषि उत्पादों की वैश्विक पहचान की प्रशंसा करते हुए कहा कि “कोटा में इस नए विमान पत्तन से ये संभावनाएं कई गुना बढ़ जाएगी।”

क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाओं का उल्‍लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने मथुराधीश जी और गराडिया महादेव के आध्यात्मिक महत्व के साथ-साथ मुकुंदरा पहाड़ियों जैसे वन्यजीव केंद्रों का भी उल्लेख किया। प्रधानमंत्री मोदी ने जोर देते हुए कहा, “बेहतर वायु संपर्क से वैश्विक पर्यटक इस क्षेत्र में आएंगे और इसका सीधा लाभ यहां के युवाओं, व्यापारियों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा।”

प्रधानमंत्री ने कोटा में हो रही व्यापक संपर्क क्रांति का भी उल्‍लेख किया जिसमें अमृत भारत योजना के तहत रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे शामिल है। कृषि आधारित उद्योगों की ओर बढ़ते रुझान पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “रेल और सड़क के बाद वायु संपर्क का यह नया अध्याय कोटा के विकास को और गति प्रदान करेगा।”

स्थानीय नेतृत्व के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए, प्रधानमंत्री ने कोटा से सांसद और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की क्षेत्र की प्रगति के प्रति समर्पण की सराहना की। संसद में ओम बिरला की भूमिका के बारे में बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “वे एक ऐसे शिक्षक हैं जो कुछ बड़े परिवारों के अनुशासनहीन छात्रों का सामना करते समय भी पूरी कक्षा को अच्छे से संभालते हैं।”

देश के विमानन परिदृश्य पर विचार करते हुए प्रधानमंत्री ने उल्लेख किया कि विमान पत्तनों की संख्या 2014 में 70 से बढ़कर आज 160 से अधिक हो गई है। दिल्ली के पास नए टर्मिनलों और विमान पत्तनों को विकेंद्रीकृत विकास के उदाहरण के रूप में बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “मुझे विश्वास है कि कोटा का यह नया विमान पत्तन भी इसी तरह इस क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करेगा।”

अपने समापन भाषण में प्रधानमंत्री ने तीव्र प्रगति हासिल करने के लिए “डबल इंजन” सरकार के महत्व और स्पष्ट इरादों पर जोर दिया। उन्होंने एक समृद्ध और सशक्त राज्य की परिकल्पना प्रस्तुत करते हुए कहा कि “विकसित राजस्थान की यह मजबूत नींव विकसित भारत के संकल्प को और अधिक बल प्रदान कर रही है।”

Editor

Recent Posts

मौसम विभाग ने आज हिमाचल प्रदेश, सौराष्ट्र, कच्छ, तटीय आंध्र प्रदेश और गुजरात में लू चलने का अनुमान व्‍यक्‍त किया

मौसम विभाग ने आज हिमाचल प्रदेश, सौराष्ट्र, कच्छ, तटीय आंध्र प्रदेश और गुजरात में लू…

1 घंटा ago

संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण 9 मार्च से शुरू होगा

संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण, 9 मार्च से शुरू होगा। सत्र के पहले…

1 घंटा ago

नेपाल में बालेंद्र शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी आम चुनाव में प्रचंड जीत की ओर; 165 में से 36 सीटें जीती 83 पर आगे

नेपाल में बालेंद्र शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी आम चुनाव में प्रचंड जीत की ओर…

1 घंटा ago

अमरीका ने इज़राइल को 151 मिलियन डॉलर की हथियार बिक्री को मंजूरी दी

पश्चिम एशिया में सैन्‍य संघर्ष के आठवें दिन भी स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। अमरीका-इस्राएल…

1 घंटा ago

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में आयोजित 9वें अंतर्राष्ट्रीय संथाल सम्मेलन में सहभ‍ागिता की

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में आयोजित 9वें अंतर्राष्ट्रीय संथाल सम्मेलन…

1 घंटा ago