insamachar

आज की ताजा खबर

PM Modi leaves for a six-day visit to Indonesia, Australia and New Zealand
भारत मुख्य समाचार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलीपींस की दो दिन की यात्रा पूरी करने के बाद नई दिल्ली लौट आए

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलीपींस की दो दिन की यात्रा पूरी करने के बाद नई दिल्ली लौट आए हैं। इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन, 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन और क्वाड नेताओं की बैठक में भाग लिया। प्रधानमंत्री ने मनीला के ऐतिहासिक गुरुद्वारा खालसा दीवान का भी दौरा किया और इसके पुनर्विकास कार्य की शुरुआत के अवसर पर आयोजित समारोह में हिस्सा लिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने रक्षा, सुरक्षा, व्यापार और निवेश के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने सिंगापुर और थाईलैंड के अपने समकक्षों के साथ भी आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।

प्रधानमंत्री ने आसियान-भारत वार्षिक शिखर सम्मेलन में नौ नई पहल का प्रस्ताव रखा। इनमें संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने और समुद्री कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दीर्घकालिक समुद्री योजना, आसियान सदस्य देशों के पर्यटकों के लिए निशुल्क ई-वीजा, खनन और महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में सहयोग तथा असैन्य परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में तकनीकी आदान-प्रदान के लिए रूपरेखा तैयार करना शामिल है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत के लिए क्वाड एक रचनात्मक और भरोसेमंद साझेदारी है, जो हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा, आपूर्ति श्रृंखला, नई प्रौद्योगिकियों और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न क्षेत्रों में विश्वसनीय समाधान उपलब्ध कराने के लिए काम करती है।

प्रधानमंत्री मोदी ने 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में अपने संबोधन के दौरान सदस्य देशों के बीच संयुक्त प्रशिक्षण और आपातकालीन प्रतिक्रिया को मजबूत करने के लिए समुद्री कर्मचारियों की सुरक्षा से जुड़ी पहल शुरू करने की घोषणा की।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *