भारत

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को पुर्तगाल के लिस्बन शहर की प्रतिष्ठित “सम्‍मान की कुंजी” प्रदान की गई

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कल पुर्तगाल के लिस्बन के सिटी हॉल में आयोजित एक समारोह में लिस्बन के मेयर से लिस्बन शहर का ‘सिटी की ऑफ ऑनर’ प्राप्त किया।

राष्‍ट्रपति ने इस अवसर पर अपने संबोधन में इस सम्मान के लिए लिस्बन के मेयर और लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लिस्बन को अपने खुले विचारों, लोगों के उत्‍साहपूर्ण भाव और संस्कृति के साथ-साथ सहिष्णुता एवं विविधता के प्रति सम्मान के लिए जाना जाता है। उन्हें यह जानकर प्रसन्‍नता हुई कि लिस्बन एक ऐसा वैश्विक शहर है जो तकनीकी परिवर्तन, नवाचार, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना और डिजिटल परिवर्तन के मामले में अग्रणी है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में भारत और पुर्तगाल भविष्‍य में भी सहयोग कर सकते हैं।

राष्ट्रपति ने पलासियो दा अजुडा में पुर्तगाल के राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूसा द्वारा उनके सम्मान में आयोजित भोज में भाग लिया।

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि हमारे लोगों के बीच सांस्कृतिक संबंध सदियों पुराने हैं और इन संबंधों ने हमारी सामूहिक अवधारणा पर अमिट छाप छोड़ी है। इनमें हमारा साझा अतीत शामिल है जो वास्तुकला, ऐतिहासिक स्थलों और भाषाओं के साथ-साथ हमारे व्यंजनों में भी झलकता है।

राष्ट्रपति ने कहा कि यह वर्ष विशेष महत्व रखता है क्योंकि हम भारत-पुर्तगाल द्विपक्षीय संबंधों के 50 वर्ष पूरे होने का उत्‍सव मना रहे हैं। हमारे प्राकृतिक सामंजस्‍य और विविध क्षेत्रों में सहयोग की क्षमता के साथ, हमारे ऐतिहासिक संबंध एक गतिशील और दूरदर्शी साझेदारी बनने की दिशा में दृढ़ता से आगे बढ़ रहे हैं। राष्‍ट्रपति ने कहा कि उन्‍हें विज्ञान और प्रौद्योगिकी, रक्षा, आईटी, स्टार्ट-अप, अनुसंधान, शैक्षिक और सांस्कृतिक सहयोग सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारत-पुर्तगाल सहयोग में निरंतर और प्रगतिशील रूप से हो रही वृद्धि पर प्रसन्नता हुई।

राष्ट्रपति ने कहा कि ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था के रूप में भारत विज्ञान और प्रौद्योगिकी, सूचना और संचार प्रौद्योगिकी, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना, स्टार्ट-अप और नवाचार जैसे क्षेत्रों में अपनी क्षमता का उपयोग कर रहा है ताकि सभी को लाभ पहुंचाने वाला समावेशी और सतत विकास मॉडल तैयार किया जा सके। उन्होंने कहा कि भारत इन प्रयासों में पुर्तगाल को अपना भागीदार मानता है।

राष्ट्रपति ने यूरोपीय संघ के साथ भारत के संबंधों को बढ़ावा देने में पुर्तगाल की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुर्तगाल की यूरोपीय संघ की अध्यक्षता के दौरान ही वर्ष 2000 में पहला भारत-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन आयोजित किया गया था और मई 2021 में एक बार फिर पुर्तगाली अध्यक्षता के अंतर्गत पुर्तगाल में ऐतिहासिक “भारत-यूरोपीय संघ प्लस 27” नेतृत्व शिखर सम्मेलन आयोजित किया गया।

राष्ट्रपति ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भारत-पुर्तगाल द्विपक्षीय संबंध और भी घनिष्ठ एवं व्यापक होंगे और यह न केवल हमारे लोगों अपितु पूरे विश्व के लिए लाभकारी होगा।

Editor

Recent Posts

पश्चिम बंगाल पुलिस ने मालदा के कालियाचक मामले के मुख्य षड्यंत्रकारी को सिलीगुड़ी के बागडोगरा हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया

पश्चिम बंगाल पुलिस ने मालदा जिले में सात न्यायिक अधिकारियों के घेराव के मुख्य षड्यंत्रकारी…

21 मिनट ago

नौसेना ने आज विशाखापत्तनम में नौसेना डॉकयार्ड में अत्‍याधुनिक स्टील्थ फ्रिगेट युद्धपोत INS तारागिरी को अपने बेड़े में शामिल किया

नौसेना ने आज विशाखापत्तनम में नौसेना डॉकयार्ड में अत्‍याधुनिक स्टील्थ फ्रिगेट युद्धपोत आई.एन.एस. तारागिरी को…

1 घंटा ago

शिक्षा मंत्रालय ने NCERT को एक अलग श्रेणी के अंतर्गत मानित विश्वविद्यालय घोषित किया

शिक्षा मंत्रालय ने विश्‍वविद्यालय अनुदान आयोग- (यू.जी.सी) की सलाह पर राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण…

1 घंटा ago

सरकार ने राज्यों को एलपीजी, अन्य पेट्रोलियम उत्पादों की जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा

सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से एलपीजी और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों की जमाखोरी…

1 घंटा ago

देश के सी-फूड निर्यात में पिछले ग्यारह वर्ष में औसतन सात प्रतिशत की वार्षिक दर से मजबूत और निरंतर वृद्धि दर्ज की

भारत का मत्स्य पालन क्षेत्र खाद्य सुरक्षा, रोजगार, निर्यात आय और सतत् आजीविका में एक…

4 घंटे ago

सनराइजर्स हैदराबाद ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 65 रनों से हराया

आई.पी.एल. क्रिकेट में, सनराइजर्स हैदराबाद ने कल रात कोलकाता के ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट…

7 घंटे ago