insamachar

आज की ताजा खबर

भारत

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा की उपस्थिति में ABVIMS और डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल के 12वें दीक्षांत समारोह को संबोधित किया

अटल बिहारी वाजपेयी आयुर्विज्ञान संस्थान (एबीवीआईएमएस) और डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल का 12वां दीक्षांत समारोह आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इस समारोह को संबोधित किया। कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा भी उपस्थित रहे।

दीक्षांत समारोह स्नातक विद्यार्थियों की शैक्षणिक यात्रा का एक महत्वपूर्ण अवसर रहा। इस अवसर पर चिकित्सा क्षेत्र के प्रति उनके समर्पण, दृढ़ संकल्प और प्रतिबद्धता को सम्मानित किया गया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने उपाधि प्राप्त करने वाली छात्राओं की उल्लेखनीय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि बेटियों की यह उपलब्धि चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को दर्शाती है। उन्होंने चिकित्सा विद्यार्थियों को व्यापक नैदानिक अनुभव प्रदान करने में डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल की महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित किया। राष्ट्रपति मुर्मु ने अस्पताल में मरीजों की बड़ी संख्या का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 2025 में 19 लाख से अधिक मरीजों ने इसकी बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) सेवाओं का लाभ उठाया। इससे विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने तथा अपने नैदानिक ज्ञान और आत्मविश्वास को मजबूत करने का बहुमूल्य अवसर मिला।

राष्ट्रपति ने पिछले एक दशक में भारत की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में आए बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार की निरंतर पहलों से जमीनी स्तर से लेकर उन्नत तृतीयक स्वास्थ्य सेवाओं तक की व्यवस्था मजबूत हुई है। उन्होंने बताया कि देशभर में लगभग 1.75 लाख आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित हैं, जिनसे प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच का विस्तार हुआ है। उन्होंने महानगरों से आगे बढ़कर दूसरे और तीसरे स्तर के शहरों में भी तृतीयक स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा के विस्तार को उजागर किया। इससे विशेष रूप से ग्रामीण और वंचित समुदायों के लोगों को अपने घरों के नजदीक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने भौगोलिक दूरियों को कम करने और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सकीय परामर्श पहुंचाने में टेलीमेडिसिन के महत्व पर भी जोर दिया।

राष्ट्रपति ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति, 2017 के अनुरूप देश की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में निवारक और संवर्धनात्मक स्वास्थ्य सेवाओं की ओर बढ़ते रुझान को रेखांकित किया। उन्होंने मधुमेह, मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और विभिन्न प्रकार के कैंसर सहित गैर-संचारी रोगों की समय रहते जांच, पहचान और प्रबंधन के बढ़ते महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि देशभर में बड़े पैमाने पर जांच अभियान बीमारियों की शुरुआती चरण में पहचान करने और समय पर उपचार सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक हैं। यह विशेष रूप से कमजोर एवं संवेदनशील वर्गों के लिए महत्वपूर्ण है।

राष्ट्रपति ने स्वास्थ्य सेवाओं में वित्तीय सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सरकार की पहलों का उल्लेख करते हुए आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी पीएम-जेएवाई) की भूमिका को रेखांकित किया। इस योजना के तहत प्रत्येक परिवार को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान किया जाता है। इससे अस्पताल में भर्ती होने पर खर्च का वित्तीय बोझ कम करने और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान बनाने में मदद मिल रही है। उन्होंने आयुष्मान वय वंदना योजना का भी उल्लेख किया, जिसके अंतर्गत 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति की परवाह किए बिना 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान किया जाता है।

राष्ट्रपति ने चिकित्सा की पारंपरिक पद्धतियों को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के साथ एकीकृत करने के महत्व पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों के साथ आयुर्वेद और योग को बढ़ावा देने के प्रयासों से देश में स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति समग्र दृष्टिकोण को मजबूती मिली है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आयुष सेवाओं को आधुनिक चिकित्सा सेवाओं के साथ उपलब्ध कराने तथा संयुक्त अनुसंधान पर बढ़ते जोर का उल्लेख किया। उन्होंने अनुसंधान को आगे बढ़ाने और साक्ष्य-आधारित पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को प्रोत्साहित करने में आयुष मंत्रालय तथा विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के वैश्विक पारंपरिक चिकित्सा केंद्र के माध्यम से किए जा रहे अंतरराष्ट्रीय सहयोग का भी उल्लेख किया।

राष्ट्रपति ने उपाधि प्राप्त करने वाले चिकित्सा पेशेवरों को संबोधित करते हुए उनसे अपने कार्यक्षेत्र में व्यावसायिक नैतिकता, संवेदनशीलता और करुणा के उच्चतम मानकों को बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता केवल शहरी क्षेत्रों और समाज के संपन्न वर्गों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने चिकित्सकों से दूरदराज और वंचित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक भी अपनी सेवाएं पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने स्नातकों को चिकित्सा अनुसंधान, नवाचार और भारत की विशिष्ट सामाजिक-आर्थिक, पोषण संबंधी तथा पर्यावरणीय परिस्थितियों के अनुकूल समाधान विकसित करने में योगदान देने के लिए भी प्रोत्साहित किया।

राष्ट्रपति ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ और किफायती बनाने में उभरती प्रौद्योगिकियों, विशेष रूप से एआई की परिवर्तनकारी क्षमता पर भी जोर दिया। उन्होंने कोविड-19 महामारी से मिले सबक का उल्लेख करते हुए चिकित्सा पेशेवरों से बदलती परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को ढालने और तकनीकी प्रगति को अपनाने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि स्वास्थ्य सेवाएं हमेशा जन-केंद्रित बनी रहें।

राष्ट्रपति ने ‘वन हेल्थ’ दृष्टिकोण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि मानव स्वास्थ्य का पशु स्वास्थ्य, वनस्पति और पर्यावरण के साथ गहरा संबंध है। उभरती जूनोटिक बीमारियों (पशुओं से मनुष्यों में फैलने वाले रोगों), पर्यावरण प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन का उल्लेख करते हुए उन्होंने चिकित्सा पेशेवरों, पशु चिकित्सकों, पर्यावरण वैज्ञानिकों और अन्य हितधारकों के बीच समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने रोगों की निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने, उनकी समय रहते पहचान सुनिश्चित करने और भविष्य की जनस्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से निपटने की क्षमता विकसित करने के लिए विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों के बीच व्यापक सहयोग का आह्वान किया।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए एबीवीआईएमएस और डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल को चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अग्रणी संस्थान और उत्कृष्टता का प्रतीक बताया। उन्होंने चिकित्सा अनुसंधान, अवसंरचना विकास और विशिष्ट नैदानिक सेवाओं के क्षेत्र में संस्थान के योगदान की सराहना की।

राष्ट्रपति नड्डा ने कहा कि यह संस्थान बड़ी संख्या में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने के साथ-साथ विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराता है। इससे विद्यार्थियों को नैदानिक कार्यों का बहुमूल्य अनुभव और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त होता है। उन्होंने अंगदान, अंग प्रत्यारोपण के लिए अंगों के प्राप्तिकरण और जटिल शल्य चिकित्सा प्रक्रियाओं के क्षेत्र में संस्थान की उपलब्धियों के साथ-साथ इसके बुनियादी ढांचे और विभिन्न विभागों के निरंतर विकास की भी सराहना की।

नड्डा ने इस बात पर जोर दिया कि चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करना एक विशेषाधिकार है, जिसके साथ समाज के प्रति महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि जहां प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा मौलिक अधिकार हैं, वहीं चिकित्सा शिक्षा सार्वजनिक निवेश, संस्थागत संसाधनों और समाज के योगदान से संचालित एक व्यापक व्यवस्था के सहयोग से उपलब्ध होती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई पहलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि सरकार ने 10,000 स्नातक और स्नातकोत्तर चिकित्सा सीटें सृजित करने के लिए 15,000 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। यह भारत के चिकित्सा शिक्षा संबंधी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए किए जा रहे महत्वपूर्ण निवेश को दर्शाता है। उन्होंने उपाधि प्राप्त करने वाले चिकित्सकों से इस निवेश को समाज की समर्पण, करुणा और व्यावसायिक उत्कृष्टता के साथ सेवा करने के दायित्व के रूप में देखने का आग्रह किया।

नड्डा ने इस बात पर भी जोर दिया कि विद्यार्थियों को अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन के प्रति सदैव आभारी रहना चाहिए और अपनी शैक्षणिक यात्रा के दौरान माता-पिता द्वारा किए गए त्याग और सहयोग को भी स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि चिकित्सा स्नातकों की उपलब्धियां केवल उनके व्यक्तिगत प्रयासों का परिणाम नहीं हैं, बल्कि इनमें परिवारों, शिक्षकों और व्यापक समाज का सामूहिक योगदान भी शामिल है।

जे.पी. नड्डा ने पिछले एक दशक में भारत की चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में आए बदलावों का उल्लेख करते हुए देश के स्वास्थ्य सेवा और चिकित्सा शिक्षा संबंधी बुनियादी ढांचे के विस्तार की जानकारी दी। इसमें 23 अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थानों (एम्स) की स्थापना और उन्हें क्रियाशील बनाना भी शामिल है। उन्होंने कहा कि ये संस्थान आधुनिक बुनियादी ढांचे और उन्नत सुविधाओं से सुसज्जित हैं, जिससे गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा और विशिष्ट स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की भारत की क्षमता मजबूत हुई है।

जे.पी. नड्डा ने देशभर में विश्वस्तरीय चिकित्सा शिक्षा संबंधी बुनियादी ढांचा और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की भारत सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने उपाधि प्राप्त करने वाले चिकित्सकों से व्यावसायिक ईमानदारी, करुणा और सेवाभाव के मूल्यों को आगे बढ़ाने तथा अपने ज्ञान और कौशल को राष्ट्र के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए समर्पित करने का आह्वान किया।

जे.पी. नड्डा ने समारोह के दौरान वार्षिक रिपोर्ट (2025–26) और एबीवीआईएमएस जर्नल का विमोचन किया। इन प्रकाशनों में संस्थान की शैक्षणिक, नैदानिक, अनुसंधान और संस्थागत उपलब्धियों को रेखांकित किया गया है।

दीक्षांत समारोह में स्नातक, स्नातकोत्तर और सुपर स्पेशियलिटी पाठ्यक्रमों के कुल 324 चिकित्सा स्नातकों को औपचारिक रूप से स्वास्थ्य सेवा कार्यबल में शामिल किया गया। उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में वर्ष 2020 बैच के 100 एमबीबीएस विद्यार्थी शामिल थे, जिनमें 79 छात्र और 21 छात्राएं थीं। वर्ष 2022 से 2025 के बैचों के कुल 177 विद्यार्थियों ने 17 व्यापक विशेषज्ञता वाले विषयों में एमडी/एमएस पाठ्यक्रम पूरा किया। इनमें 115 छात्र और 62 छात्राएं शामिल थीं। सुपर स्पेशियलिटी विषयों में वर्ष 2022 से 2025 के बैचों के 47 विद्यार्थियों ने 13 विशेषज्ञता वाले विषयों में डीएम/एम.सीएच./डीआरएनबी पाठ्यक्रम पूरा किया। इनमें 35 छात्र और 12 छात्राएं शामिल थीं।

उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन और नैदानिक दक्षता के लिए शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को कुल 58 स्वर्ण पदक प्रदान किए गए।

अवसंरचना और नैदानिक क्षेत्र की महत्वपूर्ण उपलब्धियां

इस अवसर पर संस्थान के स्वास्थ्य संबंधी बुनियादी ढांचे और नैदानिक क्षमताओं में हुई महत्वपूर्ण प्रगति को भी रेखांकित किया गया। इनमें 666 बिस्तरों वाले नए सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक का शुभारंभ शामिल है। इस ब्लॉक में रेडियोथेरेपी, न्यूक्लियर मेडिसिन, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी और गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल सर्जरी के लिए समर्पित विभाग बनाए गए हैं। इस नई सुविधा से विशेष और उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और मजबूत हुई है।

डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ने वर्ष 2025 में अस्पतालों और स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं के लिए राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड (एनएबीएच) से पूर्ण मान्यता प्राप्त करने वाला भारत का पहला केंद्र सरकार का अस्पताल बनने का गौरव प्राप्त किया। यह गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों की सुरक्षा और संस्थागत उत्कृष्टता के प्रति अस्पताल की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इस अवसर पर उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की उपलब्धियों का उत्सव मनाया गया और चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान तथा मरीजों की देखभाल के क्षेत्र में उत्कृष्टता के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता दोहराई गई। साथ ही, चिकित्सा पेशेवरों की नई पीढ़ी को राष्ट्र की सेवा में व्यावसायिक नैतिकता, करुणा और समर्पण के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव, राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) के अध्यक्ष डॉ. अभिजात सेठ, डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल के निदेशक डॉ. (प्रो.) अखिलंदेश्वरी प्रसाद तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, संकाय सदस्य, स्वास्थ्य पेशेवर, उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थी और उनके परिजनों सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *