भारत

कटरा से कश्‍मीर के लिए पहली वंदे भारत एक्‍सप्रेस 19 अप्रैल को रवाना करेंगे प्रधानमंत्री मोदी

मोदी 19 अप्रैल को कश्मीर के लिए पहली वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे: जितेंद्र सिंह
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 19 अप्रैल को कश्मीर के लिए पहली वंदे भारत ट्रेन को कटरा से हरी झंडी दिखाएंगे और इसी के साथ 272 किलोमीटर लंबी उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल संपर्क परियोजना पूरी हो जाएगी। जम्मू-कटरा-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू में कटरा से संचालित होगी क्योंकि जम्मू रेलवे स्टेशन में मरम्मत एवं नवीनीकरण का काम किया जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि रेल लिंक परियोजना पिछले महीने पूरी हो गई थी। उन्होंने बताया कि रेलवे सुरक्षा आयुक्त ने जनवरी में कटरा और कश्मीर के बीच ट्रेन सेवा को मंजूरी दी थी। उन्होंने बताया कि वंदे भारत एक्सप्रेस से जम्मू और श्रीनगर के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा तथा इस क्षेत्र के लिए आधुनिक एवं कुशल रेल सेवा उपलब्ध होगी।

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने रविवार को जम्मू में पत्रकारों से कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी 19 अप्रैल को उधमपुर पहुंचेंगे। वह दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल का दौरा करेंगे और उसका उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह कटरा से वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।’’

इसी के साथ कश्मीर तक सीधी रेल संपर्क सुविधा की लंबे समय से की जा रही मांग पूरी हो जाएगी। वर्तमान में घाटी में केवल संगलदान एवं बारामूला के बीच और कटरा से देश भर के गंतव्यों के लिए ट्रेन सेवाएं संचालित होती हैं। अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर को रेल मार्ग से जोड़ने की महत्वाकांक्षी परियोजना 1997 में शुरू हुई थी लेकिन भूवैज्ञानिक, भौगोलिक और मौसम संबंधी चुनौतियों के कारण इसे पूरा करने में देरी हुई।

इस परियोजना में कुल 119 किलोमीटर की 38 सुरंग शामिल हैं जिनमें सबसे लंबी सुरंग टी-49 है जो 12.75 किलोमीटर लंबी है। यह देश की सबसे लंबी परिवहन सुरंग भी है। इस परियोजना में 927 पुल भी शामिल हैं जिनकी कुल लंबाई 13 किलोमीटर है। इनमें प्रतिष्ठित चिनाब पुल भी शामिल है, जिसकी कुल लंबाई 1,315 मीटर है। इसकी मेहराब 467 मीटर है और यह नदी तल से 359 मीटर ऊपर है। एफिल टॉवर से 35 मीटर ऊंचा होने के कारण यह दुनिया का सबसे ऊंचा मेहराब वाला रेलवे पुल (आर्क ब्रिज) होगा।

Editor

Recent Posts

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने AIIMS राजकोट के प्रथम दीक्षांत समारोह को संबोधित किया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्‍थान, राजकोट के प्रथम दीक्षांत समारोह को…

24 मिनट ago

NCS पोर्टल के माध्यम से रोजगार माध्यम बढ़ाने के लिए पोर्टर और गिगिन टेक्नोलॉजीज के साथ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए

श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने आज केंद्रीय श्रम एवं रोजगार एवं युवा मामले एवं खेल…

1 घंटा ago

केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने बैंकॉक 2026 विश्व तीरंदाजी पैरा सीरीज में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले भारतीय दल को सम्मानित किया

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने आज बैंकॉक (थाईलैंड) में 30 मार्च…

2 घंटे ago

NHRC उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में ईंट भट्टों में कथित बंधुआ मजदूरी के 216 मामलों की 16 अप्रैल को ऑनलाइन सुनवाई करेगा

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्थित ईंट भट्टों में कथित…

3 घंटे ago

राष्ट्रीय कैडेट कोर ने कैडेटों के लिए राष्ट्रव्यापी साइबर सुरक्षा क्षमता निर्माण कार्यक्रम शुरू किया

राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) ने राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईईएलआईटी) के सहयोग से…

3 घंटे ago