कैंसर के उपचार की 137 दवाओं की घटी हुई कीमतें आज से लागू हो गई हैं। इससे पहले राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण- एनपीपीए ने इन दवाओं के अधिकतम खुदरा मूल्य-एमआरपी पर मुनाफा की सीमा तय की थी। यह फैसला स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अंतर्गत स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय की विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के आधार पर लिया गया है।
अब तक 76 दवा कंपनियों ने कैंसर रोधी दवाओं के एक हजार 225 फॉर्मूलेशन के संशोधित एमआरपी घोषित की है। इनमें से एक हजार 31 फॉर्मूलेशन की कीमतों में कमी दर्ज की गई है। 600 ब्रांड की कीमतों में 50 प्रतिशत से अधिक की कटौती हुई है। सबसे अधिक कटौती 96 दशमलव 45 प्रतिशत दर्ज की गई है।
इन दवाओं की कीमतों में कमी से उपभोक्ताओं को सालाना लगभग तीन हजार पांच सौ दो करोड़ रुपये की बचत होने का अनुमान है। कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली जरूरी दवाओं को किफायती और आसानी से उपलब्ध कराने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





