सीबीआई ने 6 हजार करोड़ रुपये के महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह के सरगना और मुख्य षड़यंत्रकारी सौरभ चंद्रकर को ओमान से भारत प्रत्यर्पित कर लिया है।
इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के बाद रॉयल ओमान पुलिस ने चंद्रकर को हिरासत में लिया। उसे आज छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित विशेष सीबीआई न्यायालय में पेश किया जाएगा। छत्तीसगढ़ सरकार के अनुरोध पर शुरू की गई अलग-अलग जांच के अंतर्गत चंद्रकर पर गंभीर आपराधिक आरोप हैं। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और छत्तीसगढ़ जुआ (निषेध) अधिनियम के तहत आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, जालसाजी और लोक सेवक रिश्वतखोरी से संबंधित दो आरोपपत्रों में उसे मुख्य आरोपी बनाया गया है। सौरभ चंद्रकर पर अवैध लाभ को कई स्तरों के लेनदेन के माध्यम से वितरित किये जाने और हवाला के माध्यम से भारत से बाहर भेजे जाने का आरोप है। जांचकर्ताओं के अनुसार, महादेव ऑनलाइन बुक ऑपरेशन भारत के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित अवैध जुआ गिरोहों में से एक था।





