बिज़नेस

ओपेक-भारत ऊर्जा संवाद की सातवीं उच्च स्तरीय बैठक की सह-अध्यक्षता पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी और ओपेक के महासचिव हैथम अल घैस ने की

ओपेक-भारत ऊर्जा संवाद की सातवीं उच्च स्तरीय बैठक की सह-अध्यक्षता पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी और ओपेक के महासचिव हैथम अल घैस ने की।

चर्चा में तेल बाजार की स्थिरता, ऊर्जा सुरक्षा और तेल उद्योग में पर्याप्त एवं समय पर निवेश के महत्व पर जोर दिया गया। दोनों पक्षों ने अल्पकालिक, मध्यमकालिक और दीर्घकालिक दृष्टिकोणों की समीक्षा की और वैश्विक आर्थिक विस्तार तथा ऊर्जा मांग में वृद्धि में भारत की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया।

हरदीप सिंह पुरी ने अपने संबोधन में इस बात पर जोर दिया कि भारत और ओपेक के बीच स्वाभाविक रूप से पूरक और पारस्परिक रूप से लाभकारी संबंध हैं। उन्होंने इस साझेदारी को मजबूत करने में ओपेक महासचिव के योगदान के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि भारत ओपेक और उसके सदस्य देशों के साथ अपने दीर्घकालिक जुड़ाव को महत्व देता है, जिसने प्रमुख ऊर्जा मुद्दों पर आपसी समझ और सहयोग में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि “विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक होने के नाते, भारत आने वाले दशकों में वैश्विक ऊर्जा मांग का एक महत्वपूर्ण चालक बना रहेगा। निवेश को बढ़ावा देने, ऊर्जा स्थिरता को मजबूत करने और वैश्विक विकास के लिए विश्वसनीय ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित में उत्पादकों और उपभोक्ताओं के बीच निरंतर संवाद आवश्यक है।”

हरदीप सिंह पुरी ने भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं और बाजार में अस्थिरता के दौर में वैश्विक ऊर्जा बाजारों में स्थिरता और पारदर्शिता को बढ़ावा देने की दिशा में ओपेक के प्रयासों की सराहना करते हुए ओपेक और भारत से एक संतुलित, स्थिर और पूर्वानुमानित वैश्विक ऊर्जा बाजार को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।

अपने संबोधन में ओपेक महासचिव अल ग़ैस ने कहा कि “भारत के साथ संवाद ओपेक की प्राथमिकता है क्योंकि हम वर्तमान वैश्विक ऊर्जा परिदृश्य में भारत के महत्व को समझते हैं और यह मानते हैं कि आने वाले दशकों में यह महत्व और भी बढ़ेगा।” उन्होंने आगे कहा कि “ओपेक-भारत ऊर्जा संवाद ग्यारह वर्षों से मजबूत है, जिसकी शुरुआत 2015 में नई दिल्ली में हुई थी।”

अल ग़ैस ने ऊर्जा चुनौतियों से निपटने के लिए भारत के संतुलित, यथार्थवादी और व्यावहारिक दृष्टिकोण की सराहना करते हुए इस बात पर जोर दिया कि “भारत की कई ऊर्जा प्राथमिकताएं ओपेक की प्राथमिकताएं हैं”।

ओपेक महासचिव ने अंतर्राष्ट्रीय सहयोग और संवाद के प्रति भारतीय सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता की भी प्रशंसा की। उन्होंने जोर देते हुए कहा, “हमारे संवाद की सबसे उत्साहजनक बात यह है कि भारत सरकार ने इस युग की बड़ी चुनौतियों के समाधान के साधन के रूप में कूटनीति और संवाद की निरंतर वकालत की है।”

अल ग़ैस ने सभी प्रतिभागियों को उनके बहुमूल्य योगदान के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने ओपेक प्रतिनिधिमंडल को दी गई सौहार्दपूर्ण मेहमाननवाज़ी के लिए ओपेक सचिवालय की ओर से हरदीप सिंह पुरी के प्रति हार्दिक आभार भी व्यक्त किया।

इस बैठक में संवाद के दायरे में अब तक हासिल की गई प्रगति की सराहना की गई, जिसमें तकनीकी स्तर पर हुई प्रगति भी शामिल है। बैठक का समापन इस बात पर जोर देने के साथ हुआ कि ओपेक और भारत के बीच ऊर्जा सहयोग को और भी गहरा करने की आवश्यकता है।

ओपेक-भारत ऊर्जा संवाद की 8वीं उच्च स्तरीय बैठक ऑस्ट्रिया के वियना में आपसी सहमति से तय की गई तारीख पर आयोजित करने पर सहमति बनी।

Editor

Recent Posts

मौसम विभाग ने आज तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा के कुछ क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया

मौसम विभाग ने आज तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा के कुछ क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश…

1 घंटा ago

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने आज नई दिल्ली में नौवें भारत अंतर्राष्ट्रीय जल सप्ताह-2026 का उद्घाटन किया

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में 9वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय…

3 घंटे ago

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को हराया, एशियाई खेलों में पहले स्वर्ण पदक पर कब्जा

एशियाई खेलों में, भारतीय महिला टीम ने टी-20 क्रिकेट के फाइनल में श्रीलंका को 147…

3 घंटे ago

एशियाई खेलों में महिला क्रिकेट के स्‍वर्ण पदक मुकाबले में आज भारत और श्रीलंका आमने-सामने

जापान एशियाई खेलों में, भारतीय महिला क्रिकेट टीम आज स्वर्ण पदक के मुकाबले में श्रीलंका…

8 घंटे ago