नेपाल और तिब्बत में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ से अब तक एक हजार दो सौ 82 लोगों की मृत्यु हो गई है। नेपाल पुलिस के अनुसार चितवन में सबसे अधिक तीन सौ 59 लोगों की मौतें हुई।
नवलपरासी पूर्व में दो सौ 18, नवलपरासी पश्चिम में दो सौ आठ, नुवाकोट में एक सौ 85, रसुवा में एक सौ चालीस, गोरखा में 72, धाडिंग में 60 और तनहु में 38 लोगों की मृत्यु हुई है। काठमांडू के अस्पतालों में दो और लोगों की मौत हुई। राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण और प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, कल शाम तक पांच हजार 53 लोग लापता थे। पीड़ितों की पहचान के लिए नेपाल में डीएनए जांच भी शुरू कर दी गई है।
इस बीच, एक बचाव अभियान में त्रिशूली-3ए जलविद्युत परियोजना की सुरंग से दो लोगों को जीवित बचाया गया। ये लोग भोटेकोशी नदी में आई अचानक बाढ़ के बाद 10 दिनों से सुरंग में फंसे हुए थे। आपातकालीन दल ने अब तक 12 हजार से अधिक लोगों को बचाया है। 26 अगस्त को नेपाल–तिब्बत सीमा के पास बर्फ और चट्टानों के हिमस्खलन के कारण अचानक बाढ़ आई थी। इससे उत्तरी और मध्य नेपाल के कई कस्बों और गांवों में भारी तबाही हुई।





