भारत

एक राष्ट्र, एक चुनाव से संबंधित दो विधेयक आज लोकसभा में पेश किये गए

एक राष्‍ट्र एक चुनाव से संबंधित दो विधेयक आज लोकसभा में पेश किये गए। केन्‍द्रीय विधि मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने संविधान (129वां) संशोधन विधेयक-2024 और केन्‍द्रशासित प्रदेश विधि (संशोधन) विधेयक-2024 सदन के पटल पर रखे।

विधि मंत्री ने जैसे ही विधेयक सदन में पेश किए तो विपक्षी दलों ने मत विभाजन की मांग की। 269 सदस्‍यों ने विधेयक पेश किए जाने के पक्ष में और 198 सदस्‍यों ने इसके विरोध में मत किया।

कांग्रेस, टीएमसी, समाजवादी पार्टी, डीएमके, शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट, मार्क्‍सवादी कम्‍यूनिस्‍ट पार्टी सहित अन्‍य विपक्षी दलों ने विधेयक पेश करने का विरोध किया और इसे संविधान के बुनियादी ढांचे पर प्रहार बताया। उन्‍होंने विधेयक जांच के लिए संयुक्‍त संसदीय समिति को भेजने की मांग की।

अर्जुन राम मेघवाल ने विपक्षी दलों के आरोपों का खंडन किया और कहा कि ये विधेयक संविधान की मूल संरचना के खिलाफ नहीं है। उन्‍होंने विधेयकों को संयुक्‍त संसदीय समिति को भेजने का प्रस्‍ताव किया। देश के प्रथम विधि मंत्री डॉक्‍टर भीम राव आम्‍बेडकर का वक्‍तव्‍य उद्धृत करते हुए मेघवाल ने कहा कि कोई भी संविधान के संघीय ढांचे में परिवर्तन नहीं कर सकता।

कांग्रेस के मनीष तिवारी ने कहा कि यह विधेयक संविधान की मूल संरचना का उल्‍लंघन करते हैं। उन्‍होंने कहा कि भारत राज्‍यों का परिसंघ है और इन विधेयकों को वापस लिया जाना चाहिए। ऐसे ही विचार व्‍यक्‍त करते हुए टीएमसी नेता कल्‍याण बनर्जी ने कहा कि इन विधेयकों से राज्‍य विधानसभाओं की स्‍वायत्‍तता को आघात पहुंचेगा। डीएमके नेता टी आर बालू ने विधेयकों को संघवाद के खिलाफ बताया और उन्‍हें संयुक्‍त संसदीय समिति को सौंपने की मांग की।

संसदीय कार्य मंत्री किरेण रिजिजू ने एक राष्‍ट्र एक चुनाव को देश के लिए महत्‍वपूर्ण मुद्दा बताया है। किरेण रिजिजू ने कहा कि यह मुद्दा किसी पार्टी या व्‍यक्ति के लिए नहीं, बल्कि राष्‍ट्र के लिए लाभदायक है।

विधेयक को लेकर विपक्ष की आलोचना के बारे में किरेण रिजिजू ने कहा कि जब देश स्‍वतंत्र हुआ तो करीब दो दशक तक देश में चुनाव एक साथ कराए जाते थे।

उधर, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि उनकी पार्टी एक राष्‍ट्र, एक चुनाव विधेयक के पक्ष में नहीं है। उन्‍होंने यह भी कहा कि विधेयक संयुक्‍त संसदीय समिति को भेजे जाने चाहिए।

हम वन नेशन वन इलेक्‍शन के विधेयक को संविधान के खिलाफ मानते हैं। वह संविधान की मूल ढांचा जो है, उसके खिलाफ है। लोकतंत्र को हटाने के लिए, लोकतंत्र को चुप करने के लिए ये चलाए जा रहा है, एक तंत्र का तोप का एक हथियार है- वन नेशन वन इलेक्‍शन, और मैं कह दू। वन नेशन वन इलेक्‍शन विधेयक एक बिगुल है, संविधान बदलने का।

समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेन्‍द्र यादव ने भी ऐसे ही विचार व्‍यक्‍त करते हुए कहा कि यह विधेयक असंवैधानिक और राज्‍यों की आवाज को दबाने वाला है।

मैं अपनी पार्टी की ओर से इस बिल का पुरजोर विरोध करता हूं। भारतीय जनता पार्टी के लोग तानाशाही लाने के नित नए रास्ते लाते हैं, जो आठ विधानसभा का चुनाव एक साथ नहीं कर पाए, चार राज्यों के चुनाव एक साथ नहीं कर पाए, वो पूरे देश की लोकसभा और सारे प्रांतो की विधानसभाए एक साथ करने की बात करते हैं। मै पूछना चाहता हॅू सरकार से, अगर एक प्रांत के अंदर सरकार गिरती है, तो क्या पूरे देश की लोकसभा के चुनाव कराओगे।

राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शरद पवार की सुप्रिया सुल्‍हे ने भी विधेयकों की जांच के लिए इसे संयुक्‍त संसदीय समिति को भेजे जाने की मांग की।

मार्क्‍सवादी कम्‍युनिस्‍ट पार्टी सांसद जॉन ब्रिटास ने कहा कि एक राष्‍ट्र, एक चुनाव विधेयक संघवाद के सिद्धांत के विपरीत है और उनकी पार्टी इसका कड़ा विरोध करेगी।

Editor

Recent Posts

भारतीय नौसेना ने कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड द्वारा निर्मित तीसरी पनडुब्‍बी-रोधी वॉरफेयर शैलो वाटर क्राफ्ट, INS मांगरोल को नौसेना में शामिल किया

भारतीय नौसेना ने आज मुंबई स्थित नौसैनिक शिपयार्ड में कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड द्वारा निर्मित तीसरी…

14 घंटे ago

सर्वोच्च न्यायालय के दरवाज़े सभी के लिए खुले हैं: CJI न्यायमूर्ति सूर्यकांत

भारत के मुख्य न्यायाधीश, न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने कहा है कि सर्वोच्च न्यायालय के दरवाज़े सभी…

14 घंटे ago

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने वैश्विक प्रौद्योगिकियों और रोजगार सृजन के लिए दोहरे दृष्टिकोण पर जोर दिया

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने दुनिया की सर्वश्रेष्ठ प्रौद्योगिकियों के साथ जुड़ने…

15 घंटे ago

पीएम-सेतु ने सूरत और विशाखापत्तनम क्लस्टरों के लिए शेयरधारकों के समझौतों पर हस्ताक्षर करके एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की

देश के आईटीआई इकोसिस्टम को एक बड़ा बढ़ावा देते हुए, प्रधान मंत्री कौशल और रोजगार…

15 घंटे ago

उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय के 66वें पाठ्यक्रम को संबोधित किया

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने आज नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय (एनडीसी) के 66वें पाठ्यक्रम…

15 घंटे ago

भारतीय सेना ने नई दिल्ली में ‘भारत चावल’ का शुभारंभ किया

भारतीय सेना ने 12 अक्टूबर, 2026 को नई दिल्ली में 'भारत चावल' का शुभारंभ किया।…

15 घंटे ago