यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने रूस के अल्पकालिक युद्धविराम प्रस्ताव का विस्तृत विवरण मांगा
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने रूस के अल्पकालिक युद्धविराम प्रस्ताव का विस्तृत विवरण मांगा है। अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच कल हुई टेलीफोन वार्ता का हवाला देते हुए वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन दीर्घकालिक युद्धविराम चाहता है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन के प्रतिनिधियों को अमरीकी राष्ट्रपति की टीम से संपर्क करने और अल्पकालिक युद्धविराम के रूसी प्रस्ताव का विवरण स्पष्ट करने का निर्देश दिया गया है। वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन शांति चाहता है और इस युद्ध को समाप्त करने के लिए आवश्यक राजनयिक प्रयास कर रहा है।
इस बीच, रूसी रक्षा विभाग ने कहा कि राष्ट्रपति पुतिन 9 मई को विजय दिवस के आसपास यूक्रेन के साथ प्रस्तावित युद्धविराम की तारीख और समय तय करेंगे। यह दिन 1945 में नाज़ी जर्मनी पर सोवियत संघ की विजय का प्रतीक है और रूस के सबसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय समारोहों में से एक है। राष्ट्रपति के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने आज मॉस्को में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रपति पुतिन ने अमरीका के राष्ट्रपति ट्रम्प के साथ फोन पर हुई बातचीत के दौरान युद्धविराम की घोषणा करने की तत्परता व्यक्त की। हालांकि, उन्होंने कहा कि रूस को अभी तक यूक्रेन से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है और आगे की बातचीत के लिए कोई निश्चित तारीखें तय नहीं हुई हैं। राष्ट्रपति ट्रम्प ने पुतिन के साथ टेलीफोन पर हुई बातचीत के बाद यूक्रेन संघर्ष में संभावित युद्धविराम का संकेत दिया, जबकि ईरान की परमाणु महत्वाकांक्षाओं पर अपना कड़ा रुख बनाए रखा।





