केंद्रीय कृषि मंत्री ने वर्ष 2025-26 के लिए बागवानी फसलों के क्षेत्रफल और उत्पादन के तृतीय अग्रिम अनुमान जारी करते हुए देश के किसानों को बड़ी खुशखबरी दी
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वर्ष 2025-26 के लिए बागवानी फसलों के क्षेत्रफल और उत्पादन के तृतीय अग्रिम अनुमान जारी करते हुए देश के किसानों को बड़ी खुशखबरी दी है। इन ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश में कुल बागवानी उत्पादन बढ़कर 3869.15 लाख टन होने की उम्मीद है, जो वर्ष 2024-25 के 3707.38 लाख टन के मुकाबले 161.77 लाख टन यानी 4.36 प्रतिशत अधिक है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस शानदार उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बागवानी क्षेत्र में यह अभूतपूर्व उत्पादन देश के अन्नदाताओं की अथक मेहनत और सरकार की किसान-हितैषी नीतियों का सुफल है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में यह रिकॉर्ड उत्पादन न केवल देश की पोषण सुरक्षा को मजबूत करेगा, बल्कि इससे हमारे बागवानी किसानों की आमदनी में भी सीधा इजाफा होगा। उन्होंने कृषि क्षेत्र में आ रहे इस सकारात्मक बदलाव और उत्पादन में हुई बढ़ोतरी के लिए देश के सभी किसान भाइयों और बहनों को विशेष रूप से बधाई देते हुए कहा कि अन्नदाताओं की कड़ी मेहनत को दर्शाता है। शिवराज सिंह ने कहा कि आज भारतीय खेती के स्वरूप में एक बड़ा और उत्साहजनक विविधीकरण (diversification) देखने को मिल रहा है, जहां किसान पारंपरिक फसलों से आगे बढ़कर फल, सब्जियों, फूलों, मसालों, रोपण फसलों (जैसे काजू, नारियल, कोको) तथा सुगंधित और औषधीय पौधों की खेती की ओर तेजी से रुख कर रहे हैं। व्यावसायिक और नकदी फसलों की ओर किसानों के इस बढ़ते रुझान ने न केवल उनकी आय के नए स्रोत खोले हैं, बल्कि कृषि क्षेत्र में भी आत्मनिर्भरता और उन्नति की नई संभावनाओं को जन्म दिया है।
केंद्रीय मंत्री चौहान के अनुसार, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और अन्य सरकारी एजेंसियों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर जारी इन आंकड़ों की सबसे खास बात यह है कि कम क्षेत्रफल में भी रिकॉर्ड पैदावार दर्ज की जा रही है। वर्ष 2025-26 में बागवानी फसलों का कुल क्षेत्रफल लगभग 297.21 लाख हेक्टेयर रहने का अनुमान है, जबकि 2024-25 में यह 301.36 लाख हेक्टेयर था। इसके बावजूद फलों, सब्जियों, फूलों, रोपण फसलों और सुगंधित एवं औषधीय पौधों के उत्पादन में जबरदस्त बढ़ोतरी का अनुमान आया है।
शिवराज सिंह चौहान द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, फलों की बात करें तो केला, आम, पपीता, सेब, अनार और कटहल की अच्छी पैदावार के चलते फलों का कुल उत्पादन वर्ष 2024-25 के 1176.49 लाख टन से 54.18 लाख टन (4.60 प्रतिशत) बढ़कर 2025-26 में 1230.66 लाख टन होने की उम्मीद है।
शिवराज सिंह ने बताया कि सब्जियों के क्षेत्रफल में भी किसानों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। सब्जियों की खेती का रकबा 117.91 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 119.31 लाख हेक्टेयर होने का अनुमान है, वहीं उत्पादन 2177.97 लाख टन से 4.35 प्रतिशत बढ़कर 2272.68 लाख टन तक पहुंचने की संभावना है। मुख्य रूप से आलू, टमाटर, बैंगन, लौकी, खीरा, गोभी, फलियां और मटर के उत्पादन में अच्छी बढ़ोतरी हुई है। आलू एवं टमाटर का रिकॉर्ड उत्पादन होने की उम्मीद है। आलू का उत्पादन पिछले वर्ष के 585.71 लाख टन की तुलना में 11.95 प्रतिशत बढ़कर 655.70 लाख टन होने का अनुमान है, जबकि टमाटर का उत्पादन 205.99 लाख टन से बढ़कर 214.11 लाख टन रहने की उम्मीद है। इसके अलावा प्याज का उत्पादन 288.96 लाख टन रहने का अनुमान है।
उन्होंने बताया कि फूलों, रोपण फसलों और सुगंधित एवं औषधीय पौधों में भी जोरदार उछाल देखने को मिला है। फूलों के उत्पादन में लगभग 14.45 प्रतिशत की बड़ी वृद्धि के साथ इसके 42.65 लाख टन से बढ़कर 48.82 लाख टन रहने की संभावना है, वहीं फूलों के अंतर्गत खेती का रकबा भी बढ़कर 4.10 लाख हेक्टेयर हो गया है।
शिवराज सिंह चौहान द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, इस अनुमान में रोपण फसलों जैसे सुपारी, नारियल, काजू, पान के पत्ते और कोको के रकबे व पैदावार दोनों में वृद्धि हुई है, जिससे इनका कुल उत्पादन 7.56 प्रतिशत बढ़कर 182.64 लाख टन होने का अनुमान है। सुगंधित एवं औषधीय पौधों का उत्पादन भी 9.01 लाख टन से बढ़कर 9.28 लाख टन होने की संभावना है।
सुपारी एवं मसाला विकास निदेशालय के आंकड़ों के मुताबिक, हल्दी, लहसुन, करी पत्ता और इलायची की बेहतर पैदावार के दम पर वर्ष 2025-26 में मसालों का कुल रकबा 47.56 लाख हेक्टेयर और उत्पादन 123.54 लाख टन होने की अपेक्षा है।





