भारत

केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में आयोजित रोजगार मेले में अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए

केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अभ्यर्थियों को भोपाल में आयोजित रोजगार मेले में नियुक्ति पत्र प्रदान किये। रोजगार सृजन को उच्च प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रतिबद्धता के तहत आज 15वां रोजगार मेला देशभर में 47 स्थानों पर आयोजित किया गया। रोजगार मेले को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया और 51,000 से अधिक नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किये। इसी क्रम में भोपाल के समन्वय भवन में भी रोजगार मेला आयोजित किया गया। शिवराज सिंह चौहान ने अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक नए वैभवशाली, गौरवशाली, सम्पन्न, समृद्ध और शक्तिशाली भारत का निर्माण हो रहा है। 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य है। इसके लिए भारत सरकार और राज्य सरकार दोनों ही पूरी ताकत के साथ जुटी हैं।

केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि युवाओं को शिक्षा और योग्यता प्राप्त करने के बाद रोजगार मिले, इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 10 लाख शासकीय पदों पर नए अवसर सृजित किये हैं। इसमें से 51,000 मित्रों, जिनमें 200 से अधिक भोपाल में उपस्थित हैं, उनको नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केवल शासकीय नौकरी नहीं, स्वरोजगार के माध्यम से भी रोजगार के अवसर निर्मित हो रहे हैं। मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया जैसे अभियान चलाए जा रहे हैं।

इस अवसर पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने हर गाँव को गरीबी से मुक्त बनाने का संकल्प लिया है। धीरे-धीरे देश का हर परिवार रोजगार से जुड़ेगा। उन्होंने कहा कि कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा कृषि में भी वेल्यू एडिशन के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि रोजगार के नए अवसरों का सृजन हो सके। केन्द्रीय मंत्री ने युवाओं से कहा कि आप सौभाग्यशाली हैं, आपको अलग-अलग विभागों में रोजगार का स्वर्णिम अवसर मिला है, लेकिन आपको केवल अपने लिए नहीं, बल्कि देश-समाज के लिए काम करना है और देश के विकास में योगदान देना है। उन्होंने कहा कि कई बार रोजगार नहीं रहता तो बेचैनी रहती है कि रोजगार मिले। लेकिन रोजगार मिलने के बाद जरूरी है कि कर्तव्यनिष्ठा से अपना काम करें। जो काम आपको मिल रहा है, उसको बेहतर तरीके से अंजाम देने का प्रयास करें।

उन्होंने युवाओं से कहा कि काम के प्रति आपका दृष्टिकोण काफी मायने रखता है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण को केंद्र में रखकर काम करोगे तो मन हमेशा आनंद से भरा रहेगा। मैं कृषि मंत्री हूँ तो मुझे 24 घंटे खेत और किसान ही दिखते हैं। इसी तरह आपको अवसर मिला है तो आप बेहतर से बेहतर करने का प्रयास करें। विकसित भारत के निर्माण में आपका यही सहयोग हो सकता है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी ने कहा था कि तुम केवल साढ़े तीन हाथ के हाड़ माँस के पुतले नहीं हो, तुम ईश्वर के अंश हो और दुनिया में कोई ऐसा काम नहीं है जो तुम न कर सको। इसलिए आप अपना सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास करें और अपनी मेहनत, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से 2047 तक देश को संपूर्ण रूप से विकसित बनाने में अपना योगदान दें।

कार्यक्रम में एफसीआई, ईएसआईसी, डाक विभाग, बैंक ऑफ बड़ौदा, इंडियन ओवरसीज बैंक, रेलवे, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, सीमा सुरक्षा बल, सीजीएसटी समेत कई विभागों के 219 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में कृष्णा गौर राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मध्य प्रदेश शासन, विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी, विधायक सुरेंद्र पटवा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

Editor

Recent Posts

NHAI ने दो महीने के ‘ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप पाठ्यक्रम 2026’ के लिए आवेदन आमंत्रित किए

राष्ट्रीय राजमार्ग इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए भावी पेशेवरों को तैयार करने हेतु, एनएचएआई ने…

19 मिनट ago

बांग्लादेश आज अपना 56वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है

बांग्लादेश आज 56वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। 26 मार्च, 1971 को आज के ही…

42 मिनट ago

ईरान ने भारत, चीन तथा रूस सहित कई अन्य मित्र देशों को होर्मुज जल-डमरू-मध्य का उपयोग करने की अनुमति दी

ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा है कि ईरान ने भारत, चीन…

44 मिनट ago

भारत की ऊर्जा आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित; सरकार ने जानबूझकर चलाए जा रहे दुष्प्रचार अभियान की निंदा की

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि देश में पेट्रोलियम और एलपीजी…

53 मिनट ago

प्रधानमंत्री मोदी 28 मार्च को नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रथम चरण का उद्घाटन करेंगे

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी 28 मार्च 2026 को उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगे। सुबह लगभग 11:30…

56 मिनट ago