केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने उत्तर प्रदेश में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में पांच लाख करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें से एक लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, एक लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम चल रहा है, जबकि तीन लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं।
नितिन गडकरी आज उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में लगभग 3,677 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य में सड़क बुनियादी ढांचे में बड़ा बदलाव आया है और अब सड़कों की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
नितिन गडकरी ने कहा कि भारत हर साल पेट्रोल और डीजल के आयात पर लगभग 22 लाख करोड़ रुपये खर्च करता है। वैकल्पिक ईंधन को बढ़ावा देने से आयात पर निर्भरता कम होगी और किसानों की आमदनी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि अब किसान हाइड्रोजन का उत्पादन भी करेंगे। आने वाले वर्षों में गन्ना, ज्वार, मक्का और गेहूं के उत्पादन से किसानों की समृद्धि बढ़ेगी। किसान खुद विमानों के लिए ईंधन तैयार करेंगे, जिससे गरीबी दूर करने में मदद मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज शुरू की गई परियोजनाओं से यातायात का दबाव कम होगा, सड़क संपर्क बेहतर होगा और लोगों तथा माल ढुलाई करने वालों का यात्रा समय बचेगा।
जौनपुर में जिन परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया, उनमें 627 करोड़ रुपये की लागत से बनी 49 किलोमीटर लंबी मछलीशहर-भदोही सड़क, एक हजार 78 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के रायबरेली-प्रयागराज खंड पर बना 38 किलोमीटर लंबा बाईपास और एक हजार 505 करोड़ रुपये की लागत से बनी 63 किलोमीटर लंबी रायबरेली-प्रयागराज लिंक सड़क शामिल हैं।





