insamachar

आज की ताजा खबर

भारत

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने एंटीगुआ और बारबुडा के गवर्नर जनरल से मुलाकात की

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने आज सेंट जॉन्स में भारतीय समुदाय के एक कार्यक्रम के दौरान एंटीगुआ और बारबुडा के गवर्नर जनरल रॉडनी विलियम्स से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने भारतीय समुदाय के लोगों से बातचीत की और भारत तथा एंटीगुआ और बारबुडा के बीच संबंधों को मजबूत बनाने में उनके योगदान की सराहना की।

डॉ. जयशंकर इन दिनों एंटीगुआ और बारबुडा की आधिकारिक यात्रा पर हैं। यात्रा के दौरान उन्होंने सेंट जॉन्स में राष्ट्रमंडल शासनाध्यक्षों की बैठक 2026 से इतर ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ से मुलाकात की।

विदेश मंत्री ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम के साथ भी द्विपक्षीय बैठक की। इसमें व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते-सीईटीए के संदर्भ में आर्थिक सहयोग बढ़ाने और वैश्विक परिस्थितियों पर विचारों का आदान-प्रदान किया गया।

एक सोशल मीडिया पोस्ट में डॉ. जयशंकर ने बताया कि गुयाना के राष्ट्रपति इरफान अली के साथ बैठक में गुयाना के सार्वजनिक और रक्षा बुनियादी ढांचे के लिए 50 करोड़ डॉलर की ऋण सुविधा बढ़ाने की घोषणा की गई।

विदेश मंत्री ने राष्ट्रमंडल शासनाध्यक्षों और व्यापार जगत के नेताओं की नाश्ते पर आयोजित बैठक में भी भाग लिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रमंडल देशों को अपने जोखिम कम करने और व्यापार के स्रोतों में विविधता लाने की जरूरत है। उन्होंने दुनिया भर में फैले भारतीय कारोबारी समुदाय को राष्ट्रमंडल की एक महत्वपूर्ण संपत्ति बताया।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *