होर्मुज जल डमरू मध्य में जहाजों पर हमलों के बाद अमरीका ने ईरान पर हमले किए; ईरानी तेल पर प्रतिबंधों में छूट भी वापस ली
अमरीका ने ईरान पर फिर हमले किए हैं। यह हमले होर्मुज जलडमरूमध्य में तीन व्यापारिक जहाजों पर ईरान की कार्रवाई के बाद किए गये। अमरीका ने कहा कि होर्मुज में ईरान का वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाने के बाद ये हमले किए गये हैं।
अमरीका के एक अधिकारी ने बताया कि अमरीका की सेना, ईरान की वायु रक्षा प्रणालियों, तटीय निगरानी प्रणालियों, मिसाइलों और ड्रोन प्रक्षेपण स्थलों को भी निशाना बना रही है। ईरान में बंदरगाह सुविधाओं को भी निशाना बनाया जा रहा है। ईरान के उप विदेश मंत्री काज़ेम ग़रीबाबादी ने कहा कि अमरीका के ये ताजा हमले समझौते का उल्लंघन हैं। अमरीका ने शुत्रता समाप्त करने के लिए हुए अंतरिम समझौते के तहत ईरानी तेल की बिक्री को अधिकृत करने वाला लाइसेंस भी रद्द कर दिया है। एक अमरीकी अधिकारी ने कहा कि लाइसेंस इसलिए रद्द किया गया क्योंकि होर्मुज में ईरान की कार्रवाई अस्वीकार्य थी। ईरान के विदेश मंत्रालय ने लाइसेंस रद्द करने के अमरीका के कदम की निंदा करते हुए कहा कि यह अंतरिम समझौते का उल्लंघन है।





