insamachar

आज की ताजा खबर

अंतर्राष्ट्रीय

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के प्रस्ताव को किया खारिज

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने ईरान के उस प्रस्ताव को खारिज कर दिया है, जिसमें 7 दिन के भीतर होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने और क्षेत्र में जारी संघर्ष समाप्त करने की बात कही गई थी। अमरीका के अधिकारियों के हवाले से अमरीकी समाचार पत्र ने यह खबर दी है। ईरान फिलहाल अमरीका के आधिकारिक जवाब का इंतजार कर रहा है।

ईरान ने प्रस्ताव दिया था कि सभी मोर्चों पर सात दिन के भीतर संघर्ष समाप्त किया जाए। अमरीका ईरान के बंदरगाहों की नाकेबंदी हटाए, ईरान की जब्त धनराशि जारी करे और उसके तेल पर लगे प्रतिबंधों में छूट दे। इसके बाद होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की बात कही गई थी।

इस बीच, इराक ने ईरान की एयरलाइनों से जुड़ी अमरीकी प्रतिबंध नीति से अपने कुछ हवाई अड्डों को छूट देने की मांग की है। इराक के प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, सरकार इस मुद्दे पर अमरीका के साथ बातचीत कर रही है, ताकि मानवीय और नागरिक आवश्‍कयताओं जैसे इलाज, शिक्षा और धार्मिक यात्राओं के लिए हवाई सेवाएं फिर शुरू की जा सकें।

ईरान की एयरलाइनों को सेवाएं देने वाली कंपनियों और हवाई अड्डों पर अमरीका के प्रतिबंधों की आशंका के बीच इराक के हवाई अड्डों पर ईरान से आने वाली उड़ानें प्रभावित हुई हैं।

इससे पहले, यमन में सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने कहा है कि उसने सऊदी अरब की ओर दागी गई दो बैलिस्टिक मिसाइलों और दो ड्रोन को नष्‍ट कर दिया गया है।

यह हमले सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्किये के सैन्य प्रमुखों की रियाद में हुई बैठक के कुछ घंटे बाद हुए। तीनों देशों ने 7 अगस्त 2026 को मक्का संयुक्त रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए थे, जिसके अंतर्गत किसी एक देश पर सशस्त्र हमला तीनों देशों पर हमला माना जाएगा।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *