हिमाचल प्रदेश में चंबा, कांगड़ा, हमीरपुर, मंडी और कुल्लू जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान अत्यधिक तेज वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश में चंबा, कांगड़ा, हमीरपुर, मंडी और कुल्लू जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान कई स्थानों पर अत्यधिक तेज वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के कई हिस्सों में लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है।
किन्नौर जिला के कड़छम बांध और सिरमौर जिला में गिरि जटोन बांध से अतिरिक्त पानी छोड़ा जा रहा है। स्थानीय प्रशासन द्वारा इन नदियों के साथ लगते इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने व समय समय पर जारी किए जाने वाले दिशा निर्देशों का पालन करने को कहा है। उधर किन्नौर जिला के शलखर और समदो में भू-स्खलन और चटटानें गिरने से राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर यातायात बाधित हो गया है।
वहीं लाहौल स्पीति जिला में भी जहालमा नाले में आई बाढ़ के कारण संपर्क सड़क बह जाने से यातायात बंद है। शिमला जिला के ठियोग उपमंडल में 16 सड़क संपर्क मार्ग भू-स्खलन के कारण अवरूद्ध है और चंबा जिला की लाहड़ू-नुरपुर मुख्य सड़क में भी टिक्कर-गलाधार में भारी भू-स्खलन से मार्ग अवरूद्ध हुआ है।




