2027 के विधानसभा चुनावों से पहले, निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश के 18 जिलों में चुनाव तैयारियों की समीक्षा की
निर्वाचन आयोग ने वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की है। आयोग ने चार मंडलों के 18 जिलों में मतदाता सूची को दुरुस्त करने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चुनावी ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए हैं, ताकि मतदान स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से कराया जा सके।
मेरठ में हुई इस समीक्षा बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग ने की। उन्होंने मतदान केंद्रों पर बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने और ईवीएम के प्रति जागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया। चुनाव के दौरान शराब की अवैध ढुलाई और वितरण पर कड़ी निगरानी रखने और मतदान केंद्रों पर मोबाइल फोन जमा करने के लिए उचित व्यवस्था करने तथा इसमें स्वयंसेवकों की मदद लेने के निर्देश भी दिए गए हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी नवदीप रिणवा ने निर्देश दिया कि पहली बार मतदाता बनने के पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज किए जाएं। विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कंप्यूटर सहायकों द्वारा दर्ज किए गए सभी फॉर्म-6, 7 और 8 की दोबारा जांच करने के निर्देश भी दिए हैं। मतदान से पांच दिन पहले मतदाताओं को सूचना पर्चियां वितरित करने और इसका रिकॉर्ड बूथ लेवल अधिकारियों के रजिस्टर में दर्ज करने को कहा गया है।





