भारत

दिल्ली आबकारी नीति मामले में CBI ने केजरीवाल के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने कथित आबकारी नीति घोटाला मामले में जांच पूरी करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और अन्य के खिलाफ सोमवार को अपना अंतिम आरोप पत्र दाखिल किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

सीबीआई ने इससे पहले इस मामले में एक मुख्य आरोपपत्र और चार अनुपूरक आरोपपत्र दाखिल किए थे, जिनमें दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, तेलंगाना की विधान पार्षद के. कविता और अन्य को भी आरोपी बनाया गया था। एजेंसी ने कहा कि सोमवार को दायर किया गया आरोपपत्र इस मामले में अंतिम आरोपपत्र होगा।

एजेंसी ने के. कविता के खिलाफ अपने आरोपपत्र में कहा था कि शराब व्यवसायी मगुंटा श्रीनिवासलु रेड्डी (तेलुगु देशम पार्टी के नेता एवं सांसद) ने 16 मार्च, 2021 को दिल्ली सचिवालय स्थित केजरीवाल के कार्यालय में उनसे मुलाकात की थी और उनसे आबकारी नीति 2021-22 में बदलाव करने का अनुरोध किया था, ताकि राष्ट्रीय राजधानी में उनके शराब कारोबार को मदद मिल सके।

सीबीआई ने आरोप लगाया था कि केजरीवाल ने रेड्डी को समर्थन देने का आश्वासन दिया था और उनसे आरोपी के. कविता से संपर्क करने को कहा था, क्योंकि वह दिल्ली की आबकारी नीति पर उनकी टीम के साथ मिलकर काम कर रही थीं। उसने आरोप लगाया था कि बदले में केजरीवाल ने रेड्डी से उनकी आम आदमी पार्टी (आप) को धन मुहैया कराने को कहा था।

सीबीआई ने यह भी आरोप लगाया कि दक्षिण भारत में शराब कारोबार से जुड़े कुछ लोगों ने सह-आरोपियों विजय नायर, अभिषेक बोइनपल्ली और दिनेश अरोड़ा के माध्यम से 2021-22 की आबकारी नीति में बदलाव करने के लिए दिल्ली में सत्तारूढ़ ‘आप’ के कुछ नेताओं और अन्य लोक सेवकों को लगभग 90-100 करोड़ रुपये की रिश्वत अग्रिम रूप से दी थी।

एजेंसी ने आरोप लगाया था कि यह रिश्वत एल-1 लाइसेंस रखने वाले थोक विक्रेताओं के मुनाफा मार्जिन से बाद में उन्हें वापस कर दी गई थी। सीबीआई ने आरोप लगाया था कि उक्त नीति के तीन हितधारकों-शराब निर्माताओं, थोक विक्रेताओं और खुदरा विक्रेताओं-ने प्रावधानों का उल्लंघन करके और नीति की भावना के विरुद्ध एक गुट बनाया था। उसने कहा था कि सभी साजिशकर्ताओं ने कथित तौर पर इस आपराधिक साजिश के अवैध उद्देश्यों को हासिल करने में सक्रिय भूमिका निभाई।

सीबीआई ने आरोप लगाया था कि इसके परिणामस्वरूप सरकारी खजाने को भारी नुकसान हुआ और साजिश में शामिल सरकारी कर्मचारियों और अन्य आरोपियों को अनुचित आर्थिक लाभ हुआ।

Editor

Recent Posts

वेनेजुएला में भारत द्वारा चलाया गया ऑपरेशन अमिस्ताद सफलतापूर्वक संपन्न

वेनेजुएला में भारत द्वारा चलाया गया ऑपरेशन अमिस्ताद सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। भारतीय दल…

2 घंटे ago

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों की यात्रा के अंतिम चरण में न्‍यूजीलैंड के ऑकलैंड पहुंचे

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी का न्यूजीलैंड की अपनी दो दिन की ऐतिहासिक यात्रा के शुरू में…

2 घंटे ago

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने आज मस्कत में ओमान के विदेश मंत्री बदर-बिन-हमद-अल बुसैदी से मुलाकात की

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने आज मस्कत में ओमान के विदेश मंत्री बदर-बिन-हमद-अल बुसैदी…

2 घंटे ago

गृह मंत्री अमित शाह और केन्द्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने पत्तन सुरक्षा ब्यूरो (BoPS) के गठन में हुई प्रगति की समीक्षा की

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केन्द्रीय पत्तन, पोत परिवहन एवं जहाजरानी मंत्री सर्बानंद सोनोवाल…

2 घंटे ago

स्पोर्ट्स मेडिसिन और एथलीटों की देखभाल को बेहतर बनाने के लिए स्पोर्ट्स इंजरी सेंटर, सफदरजंग अस्पताल और SAI ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत सफदरजंग अस्पताल के स्पोर्ट्स इंजरी सेंटर (एसआईसी) और…

2 घंटे ago

सरकार ने तटीय जहाज़रानी अधिनियम, 2025 के तहत IFSC GIFT City इकाइयों को लाइसेंस लेने की आवश्यकता से छूट दी

भारत के समुद्री सेवा इकोसिस्टम को मजबूत करने और वैश्विक जहाज़रानी में देश की प्रतिस्पर्धात्मकता…

2 घंटे ago