नई दिल्ली में बिम्सटेक देशों के गृह मंत्रियों की पहली बैठक कल दिल्ली घोषणा के साथ संपन्न हो गई। दिल्ली घोषणा में बिम्सटेक देशों ने सीमा पार आतंक सहित हर तरह के आतंक की कड़ी निंदा की है।
बिम्सटेक देशों ने संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप आतंकवाद और हिंसक उग्रवाद को व्यापक तथा निरंतर प्रयासों से रोकने, उनका मुकाबला करने और उन्हें समाप्त करने का संकल्प दोहराया। सदस्य देशों ने एक-दूसरे से जुड़े, सुरक्षित, संकटों का सामना करने में सक्षम, विकसित और समृद्ध बिम्सटेक क्षेत्र के निर्माण के लिए क्षेत्रीय सहयोग मजबूत करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई। देशों ने सदस्य राष्ट्रों में हुए आतंकवादी हमलों के दोषियों को, संबंधित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कानूनों के अंतर्गत दंड दिलाने का आह्वान किया। दिल्ली घोषणा में मानव तस्करी, मादक पदार्थों, नशीले पदार्थ बनाने में इस्तेमाल होने वाले रसायनों और धन शोधन के रोकथाम से जुड़ी कार्ययोजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर बल दिया गया। घोषणा में आपराधिक मामलों में पारस्परिक कानूनी सहायता से संबंधित बिम्सटेक संधि को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी बल दिया गया। इस संधि पर मार्च 2022 में कोलंबो में आयोजित पांचवें बिम्सटेक शिखर सम्मेलन के दौरान हस्ताक्षर किए गए थे।





