insamachar

आज की ताजा खबर

Seafood Expo India
भारत

MPEDA ने ‘सीफूड एक्सपो भारत 2026’ के दौरान समुद्री खाद्य मूल्य संवर्धन पर दूसरे राष्ट्रीय कौशल ओलंपियाड का समापन किया

राष्ट्रीय समुद्री खाद्य मूल्य संवर्धन कौशल ओलंपियाड के दूसरे संस्करण का भव्य फाइनल सीफूड एक्सपो भारत 2026 के दौरान बुधवार को कोच्चि में आयोजित किया गया। समुद्री उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एमपीईडीए) की इस पहल में समुद्री खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के 10 प्रशिक्षित पेशेवरों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने मूल्य संवर्धित समुद्री खाद्य उत्पादों को तैयार करने में अपनी पाक-कला और तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबले वाले फाइनल में आंध्र प्रदेश के काकीनाडा स्थित देवी फिशरीज लिमिटेड के पी. सूर्य भास्कर विजेता के रूप में उभरे।

तमिलनाडु के तूतीकोरिन स्थित थेवा एंड कंपनी के मुथु कुमारन ने दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित एसएस सीफूड्स प्राइवेट लिमिटेड की सागरिका सरदार तथा ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित सबरी फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड की बारासरानी जेना ने क्रमशः तीसरा और चौथा स्थान हासिल किया।

विजेता को 1,00,000 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 75,000 रुपये और 50,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। चौथे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को 25,000 रुपये का सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।

कार्यक्रम से पहले एमपीईडीए ने भारत के पूर्वी और पश्चिमी तटों पर समुद्री खाद्य मूल्य संवर्धन से संबंधित 50 प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से 2,500 से अधिक समुद्री खाद्य प्रसंस्करण श्रमिकों और पेशेवरों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अधिक मांग वाले समुद्री खाद्य उत्पादों के निर्माण का प्रशिक्षण दिया गया।

ओलंपियाड के क्षेत्रीय चरण पश्चिमी तट क्षेत्र के लिए मुंबई तथा पूर्वी तट क्षेत्र के लिए विशाखापत्तनम में आयोजित किए गए। 30 जून को आयोजित इन क्षेत्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों में से 10 फाइनलिस्ट का चयन किया गया।

भव्य फाइनल के दौरान प्रतिभागियों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अधिक मांग वाले छह मूल्य संवर्धित समुद्री खाद्य उत्पाद तैयार करने का कार्य दिया गया। इनमें नोबाशी श्रिम्प, ब्रेडेड बटरफ्लाई श्रिम्प, कुक्ड पील्ड डिवेन्ड टेल-ऑन श्रिम्प, मैरिनेटेड श्रिम्प स्क्यूअर्स, ब्रेडेड स्क्विड रिंग्स तथा फिश फिलेट्स शामिल थे।

एमपीईडीए के अध्यक्ष पी. जवाहर, निदेशक डॉ. राम मोहन एम.के., सचिव डॉ. गिबिन कुमार, संयुक्त निदेशक अनिल कुमार तथा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं सीफूड एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एसईएआई) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) डॉ. के. एन. राघवन ने विजेताओं को नकद पुरस्कार, पदक और प्रमाण-पत्र प्रदान किए।

प्रतियोगिता का मूल्यांकन एक निर्णायक मंडल द्वारा किया गया, जिसमें आईसीएआर–केन्‍द्रीय मत्स्य प्रौद्योगिकी संस्थान (आईसीएआर-सीआईएफटी), कोच्चि की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. सारिका के., एनआईएफपीएचएटीटी, कोच्चि के प्रसंस्करण एवं गुणवत्ता आश्वासन पर्यवेक्षक डॉ. नितिन सी.टी., परायिल सीफूड प्राइवेट लिमिटेड के उत्पादन प्रबंधक फ्रांसिस अस्सीसी, संध्या एक्वा एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के महाप्रबंधक जयन जैकब तथा वीकेएम फूड्स के महाप्रबंधक विजयकृष्ण शामिल थे। प्रतिभागियों का मूल्यांकन तकनीकी दक्षता, स्वच्छता, सटीकता, प्रस्तुतीकरण तथा तैयार उत्पाद की गुणवत्ता के आधार पर किया गया।

एमपीईडीए के अध्यक्ष पी. जवाहर ने कहा कि यह ओलंपियाड एक सशक्त और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी समुद्री खाद्य क्षेत्र के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो अंतरराष्ट्रीय बाजारों की बदलती अपेक्षाओं को पूरा करने में सक्षम होगा।

उन्होंने कहा कि एमपीईडीए गुणवत्ता आश्वासन, खाद्य सुरक्षा, प्रसंस्करण उत्कृष्टता, कार्यबल कौशल विकास, सतत समुद्री खाद्य उत्पादन तथा विश्वसनीय आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि यह ओलंपियाड भारत के समुद्री खाद्य निर्यात तंत्र को सुदृढ़ बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में कार्य करता है।

इस कार्यक्रम में केन्‍द्र एवं राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी, समुद्री खाद्य निर्यातक, अंतरराष्ट्रीय खरीदार, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, तकनीकी विशेषज्ञ तथा सीफूड एक्सपो भारत 2026 में भाग लेने वाले प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

फाइनलिस्टों द्वारा तैयार किए गए पुरस्कार विजेता मूल्य संवर्धित समुद्री खाद्य उत्पादों को स्किल ओलंपियाड पवेलियन में प्रदर्शित किया गया। इसके साथ ही, एमपीईडीए के प्रशिक्षण कार्यक्रमों के तहत विकसित निर्यातोन्मुख मूल्य संवर्धित समुद्री खाद्य उत्पादों का प्रदर्शन और चखने का सत्र भी आयोजित किया गया। एमपीईडीए स्किल ओलंपियाड पवेलियन में इन उत्पादों को चखने का विशेष सत्र भी आयोजित किया गया।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *