भारत सरकार के निर्बाध, बाधा रहित और प्रौद्योगिकी-संचालित राजमार्ग यात्रा के विजन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 के पानीपत-जालंधर खंड पर घरौंडा टोल प्लाजा पर मल्टी-लेन फ्री फ्लो (एमएलएफएफ) टोलिंग सिस्टम को शुरू कर दिया है।
मल्टी-लेन फ्री फ्लो प्रणाली, वाहनों को रुकने या धीमा करने की आवश्यकता के बिना टोल संग्रह को सक्षम बनाकर, पारंपरिक टोल प्लाजा से एक क्रांतिकारी बदलाव लाती है। बेहतर इलेक्ट्रॉनिक टोल संग्रह (ईटीसी) तकनीक का उपयोग करते हुए, ओवरहेड गैंट्री पर लगे उच्च-प्रदर्शन सेंसर और कैमरे स्वचालित रूप से वाहनों की पहचान करते हैं और फास्टैग के माध्यम से उपयोगकर्ता शुल्क काटते हैं जिससे राजमार्ग की गति पर निर्बाध यात्रा संभव हो पाती है।
राजमार्ग उपयोगकर्ता अनुभव का रूपांतरण
मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोलिंग की शुरुआत से यात्रा दक्षता और यात्रियों की सुविधा में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है जिसके परिणामस्वरूप निम्नलिखित लाभ होंगे:
• प्रतीक्षा समय शून्य
टोल बैरियरों को हटाने से वाहनों की सुचारू और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित होती है जिससे यात्रा में देरी और टोलिंग बिंदुओं पर भीड़भाड़ कम होती है।
• ईंधन और यात्रा के समय में बचत
टोल प्लाजा पर बार-बार ब्रेक लगाने, निष्क्रिय अवस्था में रहने और गति बढ़ाने की आवश्यकता को समाप्त करके यह प्रणाली ईंधन की खपत को कम करने और यात्रा के समय को कम करने में मदद करती है।
मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोलिंग प्रणाली की प्रमुख विशेषताएं
गैन्ट्री-आधारित टोल संग्रह
राजमार्ग के आर-पार स्थापित ओवरहेड गैन्ट्री के माध्यम से उपयोगकर्ता शुल्क स्वचालित रूप से एकत्र किया जाता है। ये संरचनाएं लगभग 5.5 से 6.0 मीटर की न्यूनतम ऊर्ध्वाधर ऊंचाई प्रदान करती हैं जिससे सभी अनुमत वाहनों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित होती है।
भीड़भाड़ मुक्त टोलिंग क्षेत्र
सुचारू यात्रा और परिचालन दक्षता बनाए रखने के लिए मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोलिंग ज़ोन के दोनों ओर 200 मीटर के दायरे में पार्किंग, अतिक्रमण और अनधिकृत ठहराव को रोकने के लिए सख्त प्रवर्तन उपाय लागू किए गए हैं।
मजबूत प्रवर्तन तंत्र
रूट पेट्रोल वाहन (आरपीवी) और स्थानीय प्रवर्तन एजेंसियां गलत दिशा में गाड़ी चलाना, नंबर प्लेट से छेड़छाड़ और टोल चोरी जैसे उल्लंघनों को रोकने के लिए मल्टी-लेन फ्री फ्लो के हिस्सों की सक्रिय रूप से निगरानी करेंगी।
टोल भुगतान में विफलता के लिए ई-सूचना तंत्र
राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए पारदर्शिता और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने उन मामलों के लिए एक संरचित ई-नोटिस तंत्र शुरू किया है जहां टोल भुगतान फास्टैग के माध्यम से सफलतापूर्वक संसाधित नहीं होता है जिसमें अपर्याप्त शेष राशि, निष्क्रिय टैग या टैग से संबंधित समस्याएं शामिल हैं।
उपयोगकर्ता ई-नोटिस कैसे देख सकते हैं
सड़क उपयोगकर्ता निर्दिष्ट एनआईसी पोर्टल के माध्यम से ई-नोटिस की पुष्टि और प्रबंधन कर सकते हैं:
www.nhfeenotice.parivahan.gov.in
उपयोगकर्ता अपने वाहन का पंजीकरण नंबर दर्ज करके और वाहन डेटाबेस में पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजे गए वन-टाइम पासवर्ड (ओटीपी) के माध्यम से प्रमाणीकरण करके पोर्टल तक पहुंच सकते हैं। ई-नोटिस को राजमार्गयात्रा मोबाइल ऐप पर भी देखा जा सकता है।
भुगतान समयरेखा
72 घंटों के भीतर भुगतान: सामान्य लागू टोल दर (1x) पर देय उपयोगकर्ता शुल्क।
72 घंटे के बाद भुगतान: निर्धारित प्रावधानों के अनुसार, लागू टोल दर (2x) के दोगुने की दर से उपयोगकर्ता शुल्क देय होगा।
शिकायत निवारण
यदि किसी वाहन मालिक को लगता है कि ई-नोटिस गलत तरीके से जारी किया गया है तो समीक्षा और समाधान के लिए जारी होने के 72 घंटों के भीतर एनआईसी पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज की जा सकती है।
सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए सलाह
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण सभी राजमार्ग उपयोगकर्ताओं को निम्नलिखित सलाह देता है:
- अपने फास्टैग खातों में हमेशा पर्याप्त बैलेंस बनाए रखें।
- यह सुनिश्चित करें कि फास्टैग सक्रिय रहे और वाहन की विंडशील्ड पर ठीक से लगा हो।
- स्पष्ट और नियमों के अनुरूप उच्च सुरक्षा पंजीकरण प्लेट (एचएसआरपी) का उपयोग करें।
- मल्टी-लेन फ्री फ्लो क्षेत्रों के भीतर यातायात नियमों का पालन करें और संकेतों का अनुसरण करें।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने गुजरात के चोर्यासी, दिल्ली के मुंडका टोल प्लाजा और राजस्थान के दौलतपुरा टोल प्लाजा पर मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोलिंग को सफलतापूर्वक लागू कर दिया है। घरौंदा टोल प्लाजा पर मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोलिंग का कार्यान्वयन भारत के आधुनिक, कुशल और सुगम राजमार्ग नेटवर्क की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। बाधा रहित टोल संग्रह के लिए बेहतर तकनीक का उपयोग करके भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण का लक्ष्य यात्रियों की सुविधा बढ़ाना, यात्रा समय कम करना, ईंधन दक्षता में सुधार करना और एक सुरक्षित और अधिक टिकाऊ सड़क परिवहन प्रणाली का निर्माण करना है।





