insamachar

आज की ताजा खबर

Parliament proceedings adjourned until Monday
भारत

संसद की कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने नीट पेपर लीक पर सार्थक चर्चा पर जोर दिया

संसद में आज लगातार पांचवें दिन भी हंगामा जारी रहने पर लोकसभा की कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी गई है। दोपहर 12 बजे पहले स्थगन के बाद सदन की कार्यवाही फिर शुरू होने पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार पहले दिन से ही नीट पेपर लीक मामले पर चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की कुछ शर्तों के कारण चर्चा आगे नहीं बढ़ पाई है। किरेन रिजिजू ने कहा कि सभी सदस्यों की यह मंशा है कि इस मुद्दे पर सार्थक चर्चा होनी चाहिए। किरेन रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने देश को आश्‍वस्‍त किया है कि पेपर लीक पर सख्त कानून लाया जाएगा।

किरेन रिजिजू ने कहा कि नीट पेपर लीक मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन करने वाले प्रमुख कार्यकर्ता, सोनम वांगचुक, ने भी चर्चा की आवश्यकता पर बल दिया है। उन्‍होंने कहा कि यदि सांसद चर्चा से बचते हैं और बहाने बनाते हैं, तो इससे देश में नकारात्मक संदेश जाएगा। किरेन रिजिजू ने कहा कि आज मंत्रिमंडल बैठक में पेपर लीक के लिए सख्त उपाय और मजबूत कानून लाने पर निर्णय लिए जाएंगे। किरेन रिजिजू ने नेता प्रतिपक्ष, राहुल गांधी और उनके अन्‍य सहयोगियों से सदन के सुचारू संचालन का आग्रह किया है।

सभापति, जगदंबिका पाल ने कहा कि सरकार नीट पेपर लीक मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है और विपक्ष को सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने में सहयोग करना चाहिए।

इससे पहले, जब नीट पेपर लीक मामले में विपक्ष के विरोध और विद्या‍र्थियों के प्रदर्शन के बाद संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। सुबह 11 बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने पर सदन ने करगिल युद्ध में सर्वोच्च बलिदान देने वाले भारतीय सशस्त्र बलों के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि इस वर्ष 26 जुलाई को करगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ है। उन्होंने कहा कि यह दिन जवानों के अदम्य साहस, वीरता और सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है। ओम बिरला ने कहा कि करगिल युद्ध के दौरान भारतीय सशस्त्र बलों के बहादुर सैनिकों ने देश की संप्रभुता की रक्षा के लिए दुर्गम पहाड़ी इलाकों, कठिन परिस्थितियों और प्रतिकूल मौसम का सामना करते हुए अद्वितीय साहस और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया। ओम बिरला ने कहा कि मातृभूमि की सेवा में प्राणों की आहुति देने वाले इन अमर शहीदों के प्रति पूरा देश सदैव ऋणी रहेगा। शहीदों की याद में सदन में मौन भी रखा गया।

इसके बाद ओम बिरला ने प्रश्नकाल शुरू करने का प्रयास किया, लेकिन विपक्षी सदस्यों ने नारेबाजी शुरू कर दी और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। विपक्ष के हंगामे के कारण सदन को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

नीट पेपर लीक मुद्दे पर राज्यसभा की कार्यवाही भी दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। दोपहर 12 बजे पहली बार स्थगन के बाद जब सदन की कार्यवाही फिर से शुरू हुई, तो सभापति सी पी राधाकृष्णन ने प्रश्नकाल शुरू करने का प्रयास किया, लेकिन विपक्ष ने शिक्षा मंत्री धर्मेन्‍द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग लेकर हंगामा जारी रखा। इसके बाद सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

सुबह 11 बजे राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होने पर भी सदन में करगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सभापति, सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा कि करगिल विजय दिवस, 1999 के करगिल युद्ध में भारत की विजय का स्मरणोत्सव है। सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा कि सदन सशस्त्र बलों के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त करता है। राज्‍यसभा में भी सैनिकों के सम्‍मान में मौन रखा गया।

इसके बाद, सभापति ने शून्यकाल शुरू करने का प्रयास किया और विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने नीट पेपर लीक और इस मामले पर छात्रों के विरोध प्रदर्शन का मुद्दा उठाया। हंगामे के बाद सदन की कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *