प्रधानमंत्री मोदी ने कोलकाता में घटी भगदड़ की घटना में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोलकाता में घटी भगदड़ की घटना में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह घटना दुखद है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान कर रही है। प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि इस घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के निकटतम परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
दुर्गा पूजा पंडाल में कल शाम भगदड़ मचने से 19 लोगों की मृत्यु हो गई और 25 अन्य घायल हो गए। यह घटना महा सप्तमी के दौरान रात लगभग आठ बजे हुई। पुलिस के अनुसार, बारिश और अचानक लोगों की भीड़ उमड़ने से पूजा पंडाल में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि भीड़ के बीच कई लोग गिर गए, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। घायलों को उपचार के लिए कोलकाता के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री और वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों ने अस्पतालों का दौरा किया और उपचार प्रबंधो की समीक्षा की।





