भारत

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पुर्तगाल के प्रधानमंत्री और पुर्तगाली संसद के अध्‍यक्ष से मुलाकात की

पुर्तगाल की अपनी यात्रा के अंतिम दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने लिस्बन में पुर्तगाली संसद के अध्यक्ष जोस पेड्रो अगुइर-ब्रैंको से मुलाकात की। दोनों इस बात पर सहमत थे कि भारत और पुर्तगाल की संसदों के बीच नियमित आदान-प्रदान से दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों को बढ़ावा मिलेगा। राष्ट्रपति ने लिस्बन में पुर्तगाल के प्रधानमंत्री लुइस मोंटेनेग्रो से भी मुलाकात और बातचीत की। बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए आगे के रास्ते पर विचार-विमर्श किया। वे इस बात पर सहमत हुए कि व्यापार और वाणिज्य, रक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी तथा ऊर्जा जैसे कई क्षेत्रों में सहयोग के अधिक अवसर हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कल (8 अप्रैल, 2025) राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूसा के साथ लिस्बन में चंपालिमॉड फाउंडेशन का दौरा किया और तंत्रिका विज्ञान, ऑन्कोलॉजी, प्रायोगिक नैदानिक ​​अनुसंधान और स्वचालित चिकित्सा वितरण के क्षेत्रों सहित विभिन्न अनुसंधान और विकास पहलों को देखा। राष्ट्रपति ने चंपालिमॉड फाउंडेशन और पुर्तगाल के अन्य संस्थानों में काम कर रहे भारतीय शोधकर्ताओं और विद्वानों के साथ भी बातचीत की। उन्होंने उभरती प्रौद्योगिकियों और वैज्ञानिक अनुसंधान में भारत-पुर्तगाल सहयोग को मजबूत करने में भारतीय विद्वानों की भूमिका की सराहना की।

चैंपालीमॉड सेंटर फॉर द अननोन एक अत्याधुनिक चिकित्सा, वैज्ञानिक और तकनीकी संस्थान है, जहां अनुप्रयुक्त अनुसंधान गतिविधियों और उन्नत शिक्षा कार्यक्रमों के साथ-साथ अंतःविषयक नैदानिक ​​देखभाल सुविधा केन्‍द्र विकसित किया जा रहा है।

बाद में, राष्ट्रपति ने लिस्बन में महात्मा गांधी और कस्तूरबा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने राधा-कृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।

राष्ट्रपति ने लिस्बन में अपने अंतिम कार्यक्रम में पुर्तगाल में भारत के राजदूत द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में भारतीय समुदाय के सदस्यों को संबोधित किया। इस अवसर पर उनके साथ राज्य मंत्री निमुबेन जयंतीभाई बंभानिया तथा सांसद धवल पटेल और संध्या रे भी मौजूद रहे।

इस अवसर पर पुर्तगाल के सभी भागों से लिस्बन आए भारतीय समुदाय के सदस्यों को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि भारत के विभिन्न भागों और विभिन्न समुदायों का प्रतिनिधित्व करते हुए वे न केवल भारत की विविधता को दर्शाते हैं, बल्कि उन साझा मूल्यों का प्रतिनिधित्‍व भी करते हैं जो दोनों देशों को बांधते हैं जैसे- लोकतंत्र, बहुलवाद, भाईचारे की भावना।

राष्ट्रपति ने कहा कि पुर्तगाल में उनके योगदान और भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देने के उनके प्रयास उन्हें हमारे देश के सच्चे राजदूत बनाते हैं। उन्हें यह जानकर प्रसन्‍नता हुई कि वे अपनी कड़ी मेहनत से सफलता और उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं और भारत को गौरवान्वित कर रहे हैं। उन्होंने पुर्तगाल की सरकार और लोगों को भारतीय प्रवासियों का स्वागत करने और उनकी सुरक्षा तथा भलाई सुनिश्चित करने के लिए धन्यवाद दिया।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत सरकार अपने प्रवासी समुदाय के साथ संबंधों को मजबूत करने और उनके कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार ने संकट के समय प्रवासी समुदाय की सहायता के लिए कई पहल की हैं। उन्होंने प्रवासी भारतीयों से कहा कि विदेशों में स्थित भारतीय मिशन हर भारतीय की सहायता के लिए तैयार हैं, क्योंकि वे जहां भी हैं, उनकी मातृभूमि हमेशा उनके साथ है!

Editor

Recent Posts

आज विश्व पर्यटन दिवस है

आज विश्व पर्यटन दिवस है। इस वर्ष विश्व पर्यटन दिवस का विषय है– “पर्यटन को…

20 मिनट ago

उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट, खराब मौसम के बीच चार धाम यात्रा स्थगित

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण आज चार धाम यात्रा स्थगित रहेगी। मौसम…

39 मिनट ago

भारत वेस्टइंडीज के बीच तीन मैच की एकदिवसीय क्रिकेट श्रृंखला का पहला मुकाबला आज दोपहर तिरुवनंतपुरम में

भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की एकदिवसीय क्रिकेट श्रृंखला का पहला मैच आज…

44 मिनट ago

उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से जारी मूसलाधार वर्षा से कई जिलों में सामान्‍य जन-जीवन अस्त-व्यस्त

उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से जारी मूसलाधार वर्षा से कई जिलों में सामान्‍य…

46 मिनट ago

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने यूएन महासभा को किया संबोधित, मौजूदा वैश्विक संघर्ष और सीमा-पार आतंकवाद पर रहा फोकस

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा है कि मौजूदा संघर्षों के बीच सभी पक्ष…

1 घंटा ago

रूस ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्‍यता के दावे का पुरजोर समर्थन किया

रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी…

1 घंटा ago