भारत

आरपीएफ महानिदेशक ने विधिक संदर्भ के लिए एक व्यापक एप्लीकेशन- संज्ञान ऐप लॉन्च किया

रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के महानिदेशक मनोज यादव ने आज मोबाइल एप्लिकेशन- संज्ञान ऐप को लॉन्च किया। इसे आरपीएफ की तकनीकी टीम ने डिजाइन और विकसित किया गया है, जिससे तीन नए आपराधिक अधिनियमों- भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस)- 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस)- 2023 और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बीएसए)- 2023 पर गहन जानकारी प्रदान की जा सके। संज्ञान ऐप एंड्रॉइड और आईओएस, दोनों में उपलब्ध है। इसका उद्देश्य आरपीएफ कर्मियों को नए और पुराने आपराधिक अधिनियमों के प्रावधानों को समझने के लिए व्यापक जानकारी प्रदान करके शिक्षित व सशक्त बनाना है। इसके साथ ही आरपीएफ परिचालन के संदर्भ में इन नए अधिनियमों की प्रासंगिकता को रेखांकित करना है।

इस ऐप में उपयोगकर्ता-अनुकूल नेविगेशन, खोज योग्य डेटाबेस और ऑफलाइन पहुंच की सुविधा है, जो इसे भारत में नवीनतम विधिक घटनाक्रमों के बारे में जानकारी रखने के इच्छुक किसी भी व्यक्ति के लिए एक व्यावहारिक साधन बनाती है।

संज्ञान ऐप की मुख्य विशेषताएं:

1. व्यापक विधिक पहुंच: यह ऐप बीएनएस, बीएनएसएस और बीएसए-2023 के सभी प्रावधानों तक सुगम पहुंच प्रदान करता है, जो मोबाइल पर देखने के लिए अनुकूलित हैं। उपयोगकर्ता इन अधिनियों को आसानी से पढ़ सकते हैं, खोज सकते हैं और उनका संदर्भ ले सकते हैं।

2. कानूनों की तुलना: उपयोगकर्ता संगत धारा तुलना तालिका की सहायता से नए और पुराने कानूनों की विशिष्ट धाराओं की तुलना कर सकते हैं। यह सुविधा कानूनी ढांचे में बदलाव व निरंतरता को पहचानने और समझने में सहायता करती है।

3. धारावार विश्लेषण: बीएनएसएस और बीएनएस की प्रमुख धाराओं का विस्तार से विश्लेषण किया गया है। साथ ही, विभिन्न प्रावधानों और प्रक्रियात्मक परिप्रेक्ष्य के लिए क्षेत्रीय परिचालनों में उनकी प्रयोज्यता पर भी ध्यान केंद्रित किया गया है।

4. उन्नत खोज उपकरण: संज्ञान उन्नत खोज कार्यक्षमताएं प्रदान करता है, जिससे उपयोगकर्ताओं को विधिक ग्रंथों के माध्यम से कुशलतापूर्वक खोज करने की सुविधा प्राप्त होती है। उपयोगकर्ता धारा-वार, अध्याय-वार और विषय-वार खोज कर सकते हैं, जिससे प्रासंगिक जानकारी को शीघ्रता से ढूंढना आसान हो जाता है।

5. समावेशी कानूनी डेटाबेस: तीन नए कानूनों के अलावा इस ऐप में रेल सुरक्षा से संबंधित अन्य आवश्यक अधिनियम और नियम भी शामिल हैं। इनमें रेल सुरक्षा बल अधिनियम- 1957, रेल अधिनियम-1989, रेल संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम- 1966 और आरपीएफ नियम- 1987 शामिल हैं। यह व्यापक डेटाबेस सुनिश्चित करता है कि उपयोगकर्ताओं को रेल सुरक्षा से संबंधित सभी महत्वपूर्ण विधिक जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सके।

6. उपयोगकर्ता- अनुकूल डिजाइन: संज्ञान ऐप को सटीकता और उपयोग में सुगमता के लिए डिजाइन किया गया, जिससे यह सुनिश्चित करता है कि उपयोगकर्ता महत्वपूर्ण विधिक जानकारी के साथ कुशलतापूर्वक और प्रभावी ढंग से जुड़ सकें, जिससे आरपीएफ परिचालन में अधिनियमों को लेकर उनकी समझ और उनके उपयोग में बढ़ोतरी हो सके।

इसके अलावा रेलवे सुरक्षा बल के महानिदेशक ने कर्मियों को विस्तृत जानकारी प्रदान करने के लिए ई-बुक और प्रिंट, दोनों प्रारूपों में ‘भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस)- 2023 पर पुस्तिका’ भी जारी की। यह पुस्तिका आरपीएफ के परिचालन में अधिनियम के व्यावहारिक अनुप्रयोग को रेखांकित करती है।

आरपीएफ महानिदेशक के अनुसार मोबाइल ऐप और पुस्तिका पारदर्शिता, पहुंच और महत्वपूर्ण विधिक जानकारी के प्रसार को लेकर आरपीएफ की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। संज्ञान ऐप कानूनी संसाधनों की सुलभता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होने के साथ परिचालन उत्कृष्टता के लिए प्रौद्योगिकी का लाभ उठाने की आरपीएफ की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। इस संबंध में अधिक जानकारी और ऐप डाउनलोड करने के लिए कृपया गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर पर जाएं।

Editor

Recent Posts

लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने वॉटर ट्रांसवर्सैलिटी ग्लोबल अवॉर्ड्स एवं कॉन्क्लेव 2026 को संबोधित किया

लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज कहा कि विकास और पर्यावरण को विरोधी शक्तियों…

9 घंटे ago

पश्चिम एशिया हवाई क्षेत्र की स्थिति – भारतीय विमानन कंपनियों द्वारा आज 51 उड़ानें संचालित करने की योजना

नागरिक उड्डयन मंत्रालय पश्चिम एशिया में उत्पन्न हो रही स्थिति पर निरंतर नज़र रख रहा…

10 घंटे ago

इजरायल और अमेरिका की संयुक्त सेनाओं और ईरान के बीच संघर्ष का आज सातवां दिन

इस्राएल और अमरीका की संयुक्त सेनाओं और ईरान के बीच संघर्ष का आज सातवां दिन…

11 घंटे ago

देश का विदेशी मुद्रा भंडार 4.88 अरब डॉलर बढ़कर 728.49 अरब डॉलर के पार

देश का विदेशी मुद्रा भंडार 27 फरवरी को समाप्त सप्ताह के दौरान चार अरब 88…

11 घंटे ago

इस्पात, लौह अयस्क और उर्वरक यातायात में मजबूत वृद्धि से भारतीय रेल को फरवरी में 14,571 करोड़ रुपये का माल ढुलाई राजस्व प्राप्त हुआ

भारतीय रेल कोयला, इस्पात, उर्वरक, सीमेंट, अनाज और कंटेनर जैसी आवश्यक वस्तुओं के कुशल परिवहन…

11 घंटे ago