वेनेजुएला की राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज़ ने भूकंप के कारण देश में आपातकाल की घोषणा की है। आज सुबह कराकस और आसपास के इलाकों में आए लगातार 7 दशमलव 2 और 7 दशमलव 5 तीव्रता के भूकंप के कारण कई इमारतें ढह गई हैं।
राष्ट्रपति रोड्रिगेज़ ने कक्षाएं और गैर-आवश्यक गतिविधियों को अगले आदेश तक स्थगित कर दी है। उन्होंने सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में सार्वजनिक और निजी जन-स्वास्थ्य तंत्र को भी सक्रिय कर दिया है। शक्तिशाली भूकंपों में 32 लोगों की मौत की खबर है और 700 से अधिक लोग घायल हुए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में बचाव और राहत कार्य जारी है।
उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वेनेजुएला में भीषण भूकंप से हुई तबाही पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पोस्ट में उपराष्ट्रपति ने भारत के लोगों की ओर से वेनेजुएला के लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। वहीं, सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।





