पश्चिम एशिया में ईरान और इस्राएल के बीच तनाव कम हुआ है। प्रत्यक्ष झड़पों में भी कमी आई है। इस बीच, दोनों पक्षों के बीच अस्थिरता बनी हुई है। दोनों देशों के बीच तनाव तब शुरु हुआ था, जब इस्राएल ने बेरूत में हिजबुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाया था। इसके जवाब में ईरान ने उत्तरी इस्राएल की ओर बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। इस्राएल ने ईरान से जुड़े ठिकानों पर हमले करके जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद दोनों पक्षों ने तनाव कम करने का संकेत दिया।
इस बीच, यमन के हौथी बलों ने इस्राएल के एलाट की ओर मिसाइल दागने का दावा किया, जिसे कथित तौर पर लाल सागर के ऊपर रोक दिया गया। हमले में कोई हताहत नहीं हुआ।
इस्राएल के प्रधानमंत्री बेंन्यामिन नेतन्याहू ने चेतावनी दी है कि किसी भी आक्रामकता का कड़ा जवाब दिया जाएगा। इस्राएल के रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज़ ने भी दोहराया है कि लेबनान में हिज़्बुल्लाह के खिलाफ सैन्य अभियान जारी रहेंगे।
वहीं, ईरान ने कहा है कि स्थायी रूप से तनाव कम करने के लिए गज़ा और लेबनान में इस्राएल के अभियानों को समाप्त करना आवश्यक है।





