insamachar

आज की ताजा खबर

Several cabinet and state ministers of the newly formed government took charge today
भारत मुख्य समाचार

नवगठित सरकार के कई कैबिनेट और राज्य मंत्रियों ने आज अपना कार्यभार संभाला

नवगठित सरकार के कई केबिनेट और राज्‍यमंत्रियों ने आज अपना कार्यभार संभाला।

अमित शाह ने आज नॉर्थ ब्लॉक स्थित गृह मंत्रालय में केन्द्रीय गृह मंत्री के रूप में पुन: पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद ‘x’ पर एक पोस्ट में केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में गृह मंत्रालय देश और देशवासियों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध होकर निरंतर कार्य करता रहेगा।

केन्द्रीय कृषि व किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूजा-अर्चना कर कृषि मंत्रालय का पदभार आज ग्रहण किया। इसके बाद उन्होंने कृषि मंत्रालय का औचक निरीक्षण किया।

प्रताप राव जाधव ने आज केन्द्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) का आयुष मंत्रालय नई दिल्ली के कार्यालय में प्रभार सम्हाला। प्रताप राव जाधव ने केन्द्रीय आयुष राज्य मंत्री आयुष मंत्रालय का स्वतंत्र प्रभार प्रदान ग्रहण किया है।

अनुप्रिया पटेल ने आज शास्त्री भवन में रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में पदभार ग्रहण किया।

ज्योतिरादित्य एम सिंधिया ने आज यहां संचार मंत्री का कार्यभार ग्रहण किया।

निमुबेन जयंतीभाई बांभणिया ने आज यहां आधिकारिक तौर पर उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय में राज्य मंत्री का पदभार ग्रहण किया। पूर्व केंद्रीय वस्त्र मंत्री पीयूष गोयल ने केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी और राज्य मंत्री बीएल वर्मा की उपस्थिति में बांभणिया को गुलदस्ता भेंट किया।

गजेन्द्र सिंह शेखावत ने आज यहां केंद्रीय संस्कृति मंत्री का कार्यभार ग्रहण किया। गजेन्द्र सिंह शेखावत ने इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने उन पर विश्वास जताया और हमारे देश और विश्व दोनों में भारतीयता के संरक्षण, सुरक्षा और जीवंतता को बढ़ावा देने का यह अवसर दिया।

संजय सेठ ने 11 जून, 2024 को रक्षा मंत्रालय के राज्यमंत्री का पदभार ग्रहण किया। रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने एवं रक्षा मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने संजय सेठ का स्वागत किया और उनके साथ उनके साउथ ब्लॉक कार्यालय गए।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज नई दिल्ली स्थित पृथ्वी भवन मुख्यालय में पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय (एमओईएस) के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) का पदभार ग्रहण किया। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव डॉ. एम रविचंद्रन, वरिष्ठ वैज्ञानिकों, अधिकारियों और पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।

शिक्षा मंत्रालय में नवनियुक्त राज्य मंत्री डॉ. सुकांता मजूमदार ने आज शास्त्री भवन, नई दिल्ली में अपना कार्यभार संभाल लिया। शिक्षा मंत्रालय पहुंचने पर मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने डॉ. मजूमदार का स्वागत किया।

चिराग पासवान ने आज नई दिल्ली स्थित पंचशील भवन में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री का पदभार ग्रहण किया। चिराग पासवान का स्वागत सचिव अनीता प्रवीण ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ किया। कार्यभार संभालने के बाद चिराग पासवान ने मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की और योजनाओं की समीक्षा की।

जगत प्रकाश नड्डा ने आज यहां केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव और अनुप्रिया पटेल भी मौजूद थीं।

अनुप्रिया पटेल ने आज यहां स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। केंद्रीय मंत्री का स्वागत मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने किया।

प्रतापराव गणपतराव जाधव ने आज स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में केंद्रीय राज्य मंत्री का कार्यभार संभाला। उनके पास आयुष मंत्रालय के केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) का प्रभार भी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय में कार्यभार संभालने से पहले प्रतापराव जाधव ने अपने आवास पर पौधारोपण किया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने अंगदान करने का संकल्प भी लिया।

डॉ. एल. मुरुगन ने आज केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री का कार्यभार संभाला। इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए डॉ. मुरुगन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया कि उन्होंने उन पर भरोसा जताया है।

अश्विनी वैष्णव ने आज यहां केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री का कार्यभार संभाला। इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार गरीबों के उत्थान के लिए समर्पित है।

शोभा करंदलाजे ने आज नई दिल्ली में श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री का कार्यभार संभाला। उनके पास सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम राज्य मंत्री का पदभार भी है।

डॉ. मनसुख मांडविया ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री का कार्यभार संभाला। उनके पास केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री का प्रभार भी है।

केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने आज नई दिल्ली में विधि एवं न्याय मंत्रालय का कार्यभार संभाला। पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए अर्जुन राम मेघवाल ने कहा, “माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में, मैं समर्पण एवं निष्ठा के साथ लोगों की सेवा करने के लिए प्रतिबद्ध हूं तथा विधि एवं न्याय मंत्रालय विकसित भारत के सपने को साकार करने में योगदान देगा।“

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय का प्रभार ग्रहण कर लिया है। वह 2014 से 2015 के बीच बिहार के मुख्यमंत्री थे।

प्रल्हाद जोशी ने आज अटल अक्षय ऊर्जा भवन में उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री के अपने पोर्टफोलियो के अलावा केंद्रीय नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। इसके अलावा श्रीपाद येसो नाईक ने भी आज नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय में राज्य मंत्री का पदभार संभाला।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज सुबह 10 बजे नॉर्थ ब्लॉक, नई दिल्ली में कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय में राज्यमंत्री के रूप में लगातार तीसरी बार कार्यभार संभाला।

केरल के त्रिशूर से सांसद सुरेश गोपी ने आधिकारिक तौर पर पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के राज्य मंत्री के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। सुरेश गोपी विभिन्न क्षेत्रों में प्रभावशाली व्यक्ति रहे हैं। वे अपने पूर्ववर्ती रामेश्वर तेली के बाद इस पद पर आसीन हुए हैं।

मनोहर लाल ने आवास एवं शहरी कार्य मंत्री के अपने मौजूदा दायित्व के अलावा आज श्रम शक्ति भवन में केन्द्रीय विद्युत मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। विद्युत मंत्रालय के सचिव पंकज अग्रवाल ने मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ केन्द्रीय मंत्री का स्वागत किया।

केन्द्रीय रेल एवं जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने आज रेल भवन में पदभार संभाला। रेलवे बोर्ड की अध्यक्ष एवं सीईओ जया वर्मा सिन्हा तथा वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों ने रेल भवन पहुंचने पर उनका स्वागत किया।

रवनीत सिंह, केंद्रीय रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री ने आज रेल भवन में पदभार ग्रहण किया। रेलवे बोर्ड की अध्यक्ष एवं सीईओ जया वर्मा सिन्हा तथा वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों ने रेल भवन पहुंचने पर उनका स्वागत किया। वी.सोमन्ना, केंद्रीय रेल राज्य मंत्री ने भी पदभार ग्रहण करने के दौरान उनका स्वागत किया।

केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज रेल भवन में पदभार ग्रहण किया। रेलवे बोर्ड की अध्यक्ष एवं सीईओ जया वर्मा सिन्हा ने वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों के साथ रेल भवन में उनका स्वागत किया। हाउसकीपिंग स्टाफ और रेलवे के अन्य अधिकारियों ने भी अश्विनी वैष्णव को पदभार ग्रहण करने पर बधाई दी।

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने 10 जून को नई दिल्ली में पत्‍तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय का कार्यभार संभाला। पदाधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए सर्बानंद सोनोवाल ने इस देश के लोगों की सेवा करने के दृष्टिकोण से लक्ष्यों और उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए अपनी टीम में विश्वास व्‍यक्‍त किया।

डॉ. वीरेंद्र कुमार ने आज केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री का पदभार ग्रहण किया। डॉ. कुमार ने यह जिम्मेदारी सौंपने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।

पबित्रा मार्गेरिटा ने आज यहां वस्त्र मंत्रालय में राज्य मंत्री का कार्यभार संभाल लिया। मार्गेरिटा राज्य सभा सदस्य हैं और असम के मार्गेरिटा विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित हुए हैं। पूर्व केंद्रीय वस्त्र मंत्री पीयूष गोयल ने केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह की उपस्थिति में मार्गेरिटा को गुलदस्ता भेंट किया।

केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने आज यहां आधिकारिक रूप से वस्त्र मंत्रालय का कार्यभार संभाल लिया। पूर्व केन्द्रीय वस्त्र मंत्री पीयूष गोयल ने गिरिराज सिंह को कार्यभार सौंपा। इस अवसर पर राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा उपस्थित थे।

सुरेश गोपी ने आज पर्यटन मंत्रालय के राज्य मंत्री का कार्यभार संभाला। पर्यटन मंत्रालय की सचिव वी. विद्यावती ने मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मंत्री का स्वागत किया।

गजेन्द्र सिंह शेखावत ने आज केन्द्रीय पर्यटन मंत्री का कार्यभार संभाला। पर्यटन मंत्रालय की सचिव वी. विद्यावती तथा मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने मंत्री महोदय का स्वागत किया।

अन्नपूर्णा देवी ने महिला एवं बाल विकास मंत्रालय में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री का कार्यभार ग्रहण किया।

मनसुख मांडविया ने आज शास्त्री भवन में केन्‍द्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री का पदभार ग्रहण किया। उनके पास केन्‍द्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री का पदभार भी है। खेल विभाग और युवा कार्यक्रम विभाग के सचिव तथा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने मंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे भी उपस्थित थीं।

LEAVE A RESPONSE

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *