बिज़नेस

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नोएडा और बेंगलुरु में भारत के पहले 3-नैनोमीटर चिप डिजाइन केंद्र का उद्घाटन किया

केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी, रेलवे तथा सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उत्तर प्रदेश के नोएडा और कर्नाटक के बेंगलुरु में स्थित रेनेसास इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के दो नए अत्याधुनिक डिजाइन केंद्रों का उद्घाटन किया। अश्विनी वैष्णव ने नए केंद्रों की विशेषता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह भारत का पहला डिजाइन केंद्र है जो अत्याधुनिक 3 नैनोमीटर चिप डिजाइन पर काम कर रहा है। अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है जो भारत को सेमीकंडक्टर नवाचार की वैश्विक श्रेणी में मजबूती से स्थापित करता है। उन्होंने कहा, “3 नैनोमीटर चिप पर डिजाइनिंग वास्तव में अगली पीढ़ी का कार्य है। हमने पहले 7 नैनोमीटर और 5 नैनोमीटर पर काम किया है, लेकिन यह एक नई सीमा को प्रदर्शित करता है।”

केंद्रीय मंत्री महोदय ने डिजाइन, निर्माण, एटीएमपी (असेंबली, टेस्टिंग, मार्किंग और पैकेजिंग), उपकरण, रसायन और गैस आपूर्ति श्रृंखलाओं को शामिल करते हुए भारत की समग्र सेमीकंडक्टर रणनीति के बारे में भी विस्तार से बताया। उन्होंने दावोस जैसे वैश्विक मंचों पर उद्योग जगत के आत्मविश्वास की चर्चा की और एप्लाइड मैटेरियल्स और लैम रिसर्च जैसी कंपनियों द्वारा पहले से किए जा रहे महत्वपूर्ण निवेशों का उल्लेख किया। मंत्री महोदय ने भारत के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम में बढ़ती तेज़ी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में इस प्रमुख सेमीकंडक्टर डिजाइन केंद्र का उद्घाटन एक अखिल भारतीय इकोसिस्टम विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो देश भर में उपलब्ध समृद्ध प्रतिभाओं का उपयोग करता है।

भारत सरकार सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को और मजबूत करने के लिए भारत में सेमीकंडक्टर डिज़ाइन केंद्रों के विकास को सक्रिय रूप से प्रोत्साहित कर रही है। केंद्रीय मंत्री महोदय ने इंजीनियरिंग विद्यार्थियों के बीच व्यावहारिक हार्डवेयर कौशल को बढ़ाने के उद्देश्य से एक नई सेमीकंडक्टर लर्निंग किट जारी करने की घोषणा की। उन्होंने यह भी कहा कि 270 से अधिक शैक्षणिक संस्थान जिन्हें पहले से ही भारत सेमीकंडक्टर मिशन के अंतर्गत उन्नत ईडीए (इलेक्ट्रॉनिक, डिज़ाइन, ऑटोमेशन) सॉफ़्टवेयर टूल मिल चुके हैं, उन्हें भी ये व्यावहारिक हार्डवेयर किट प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा, “सॉफ़्टवेयर और हार्डवेयर लर्निंग का यह एकीकरण वास्तव में उद्योग के लिए तैयार इंजीनियर बनाने का काम करेगा। हम न केवल बुनियादी ढाँचा बना रहे हैं बल्कि दीर्घकालिक प्रतिभा विकास में निवेश कर रहे हैं।” अश्विनी वैष्णव ने सी-डैक और आईएसएम टीम की उनके कुशल निष्पादन के लिए प्रशंसा की और भारत को वैश्विक सेमीकंडक्टर नेता बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता की पुष्टि की।

अश्विनी वैष्णव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी व्यापक आत्मनिर्भर भारत परिकल्पना के अंतर्गत सेमीकंडक्टर को एक रणनीतिक फोकस क्षेत्र के रूप में शामिल किया है। उन्होंने कहा, “केवल तीन वर्षों के भीतर, भारत का सेमीकंडक्टर उद्योग एक नवजात अवस्था से एक उभरते वैश्विक केंद्र में बदल गया है, और अब दीर्घकालिक, सतत विकास के लिए तैयार है।” उन्होंने यह भी कहा, “स्मार्ट फोन, लैपटॉप, सर्वर, चिकित्सा उपकरण, रक्षा उपकरण, ऑटोमोबाइल और कई अन्य क्षेत्रों में इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों के निर्माण के साथ, सेमीकंडक्टर की मांग तेजी से बढ़ने वाली है। इसलिए, सेमीकंडक्टर उद्योग के विकास की यह गति समय के साथ अग्रसर है।”

इस अवसर पर रेनेसा इलेक्ट्रॉनिक्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रबंध निदेशक, हिदेतोशी शिबाता ने कहा कि भारत हमारी कंपनी के लिए एक रणनीतिक आधारशिला है, जिसमें अंतः स्थापित प्रणालियाँ, सॉफ्टवेयर और सिस्टम नवाचार में योगदान बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की प्रतिभा शक्ति और भारत-जापान साझा रणनीतिक हित वैश्विक सेमीकंडक्टर जीवनचक्र को नया स्वरूप देने में सहायता करेंगे।

रेनेसास इलेक्ट्रॉनिक्स के बारे में

रेनेसास एक एम्बेडेड सेमीकंडक्टर समाधान प्रदाता है जो अपने उद्देश्य ‘हमारे जीवन को आसान बनाना’ से प्रेरित है। बेजोड़ गुणवत्ता और सिस्टम-स्तरीय जानकारी के साथ एम्बेडेड प्रोसेसिंग में उद्योग के अग्रणी विशेषज्ञ के रूप में, हम उच्च प्रदर्शन कंप्यूटिंग, एम्बेडेड प्रोसेसिंग, एनालॉग और कनेक्टिविटी तथा पावर सहित व्यापक उत्पाद पोर्टफोलियो के आधार पर ऑटोमोटिव, औद्योगिक, बुनियादी ढांचे और इंटर्नेट ऑफ थिंग्स उद्योगों के लिए स्केलेबल और व्यापक सेमीकंडक्टर समाधान प्रदान करने के लिए विकसित हुए हैं। रेनेसास, एक विशिष्ट उत्पाद डिजाइनर, नोएडा, बेंगलुरु और हैदराबाद में सुविधाओं के साथ एक डिजाइन केंद्र स्थापित कर रहा है।

Editor

Recent Posts

भारत की अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था अगले दशक में वर्तमान 8-9 बिलियन अमेरिकी डॉलर से बढ़कर लगभग 40-45 बिलियन अमेरिकी डॉलर हो जाएगी: डॉ. जितेंद्र सिंह

केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी एवं पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा प्रधानमंत्री कार्यालय, परमाणु…

58 मिनट ago

प्रधानमंत्री मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने आज पैलेस डेस एक्सपोजिशन्स, नीस में संयुक्त रूप से ‘भारत इनोवेट्स 2026’ का उद्घाटन किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति महामहिम इमैनुएल मैक्रों ने आज पैलेस डेस एक्सपोजिशन्स,…

1 घंटा ago

झारखंड में कल से बिजली गिरने की घटनाओं में 7 लोगों की मौत

झारखंड में पिछले 24 घंटों में बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में सात लोगों की…

3 घंटे ago

आयुष मंत्रालय ने यूट्यूब पर सीधे योग प्रसारण के सबसे अधिक दर्शकों का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया

आयुष मंत्रालय ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 से पहले एक ऐतिहासिक उपलब्धि प्राप्‍त करते हुए…

3 घंटे ago

ईरान ने दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार का कार्यक्रम घोषित किया

ईरान ने दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार का कार्यक्रम घोषित कर…

10 घंटे ago

मौसम विभाग ने कहा – दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले दो – तीन दिन में कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और दक्षिण छत्तीसगढ़ पहुंचने की संभावना

मौसम विभाग ने आज पूर्वोत्तर क्षेत्र, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, केरलम, माहे, ओडिशा, तमिलनाडु,…

10 घंटे ago