अमरीका ने पश्चिम एशिया में अपने नागरिकों को ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के हमले बढ़ने की चेतावनी दी
अमरीका ने ईरान समर्थित हूती समूह से बढ़ते संकटों के बीच पश्चिम एशिया में अपने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभिन्न देशों में स्थित अपने दूतावासों के माध्यम से जारी कई बयानों में अमरीकी विदेश मंत्रालय ने नागरिकों से संभावित सुरक्षा अलर्ट, उड़ानें रद्द होने, हवाई क्षेत्र बंद होने और यात्रा में बाधाओं को लेकर सतर्क रहने को कहा है।
अमरीका के विदेश मंत्रालय ने कहा कि ईरान ने बहरीन और कुवैत में अमरीकी ठिकानों को निशाना बनाकर हमले किए हैं। वहीं ईरान समर्थित हूती समूह ने सऊदी अरब पर हमले किए हैं। इनमें नागरिक हवाई अड्डों और अन्य महत्वपूर्ण अवसंरचनाओं को निशाना बनाया गया, जिससे आम नागरिक हताहत हुए और यात्रा व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई। इससे पहले, सऊदी अरब की राजधानी रियाद में वित्तीय केन्द्र की एक इमारत पर हूती समूह के हमले में दो भारतीय नागरिकों सहित 11 लोग घायल हो गए थे। सऊदी नागरिक सुरक्षा विभाग के अनुसार, घायलों में दो भारतीय, दो सऊदी, तीन नेपाली और चार मिस्र के नागरिक शामिल हैं। अधिकारियों ने इस घटना को आतंकवादी हमला बताया है।





