उत्तराखंड सरकार ने चारधाम यात्रियों और पर्यटकों से सतर्क रहने और यात्रा के दौरान सुरक्षा बरतने का आग्रह किया
उत्तराखंड सरकार ने चार धाम यात्रा के श्रद्धालुओं और पर्यटकों से राज्य में खराब मौसम की स्थिति के बीच सतर्क रहने तथा सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है।
मौसम विभाग ने उत्तराखंड के विभिन्न भागों, विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में कल और बुधवार को खराब मौसम और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। गढ़वाल मंडल के आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से यात्रा के दौरान मौसम के बारे में ताजा जानकारी रखने और सावधानी के साथ यात्रा कार्यक्रम तैयार करने का आग्रह किया है। यात्रियों से राज्य में खराब मौसम को देखते हुए 12 और 13 मई को यात्रा कार्यक्रम तैयार करते समय अधिक सजग रहने की अपील की गई है। सभी संबंधित सरकारी विभागों को यात्रियों के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।





