भारत

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने तेलंगाना के कान्हा शांति वनम में ‘विश्व ध्यान दिवस’ समारोह में भाग लिया

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने आज तेलंगाना के कान्हा शांति वनम में आयोजित ‘विश्व ध्यान दिवस’ समारोह में भाग लिया और मन की शांति, भावनात्मक कल्याण तथा सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने में ध्यान की शाश्वत प्रासंगिकता पर विशेष बल दिया।

सभा को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि ध्यान एक सार्वभौमिक पद्धति है जो सांस्कृतिक, भौगोलिक और धार्मिक सीमाओं से परे है। उन्होंने इसे मानसिक स्पष्टता, भावनात्मक स्थिरता और आंतरिक परिवर्तन के मार्ग के रूप में वर्णित किया और इस बात पर जोर दिया कि ‘विश्व ध्यान दिवस’ आधुनिक जीवन में चिंतन के बढ़ते महत्व को पहचानने का एक अवसर देता है।

उपराष्ट्रपति ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के उस प्रस्ताव को सह-प्रायोजित करने में भारत की भूमिका का उल्लेख किया, जिसके तहत 21 दिसंबर को ‘विश्व ध्यान दिवस’ घोषित किया गया था। उन्होंने कहा, विश्व ध्यान दिवस से मानसिक स्वास्थ्य और आध्यात्मिक विकास को बढ़ावा देने में ध्यान की शक्ति को वैश्विक मान्यता मिली है। इस अवसर पर उन्होंने ध्यान के अभ्यास को विश्व भर में फैलाने के लिए ‘दाजी’ के योगदान की सराहना की और कहा कि ध्यान, योग और आध्यात्मिक खोज की अपनी सदियों पुरानी परंपराओं के साथ भारत आज भी विश्व को शाश्वत ज्ञान प्रदान कर रहा है।

भारत की सांस्कृतिक विरासत का ज़िक्र करते हुए उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने कहा कि हमारे देश में ध्यान को हमेशा से मन और आत्मा का एक प्राचीन विज्ञान माना गया है, जिसे ऋषियों-मुनियों ने आगे बढ़ाया है। भगवदगीता और तमिल के महान ग्रंथ ‘तिरुमंथिरम’ की सीख का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि ध्यान के ज़रिए मन पर काबू पाने से ही इंसान को आंतरिक शांति मिलती है, वह खुद को बेहतर ढंग से समझ पाता है और एक अच्छा जीवन जी पाता है।

उपराष्ट्रपति ने जोर देकर कहा कि ‘विकसित भारत@2047’ के लक्ष्य को पाने में ध्यान की बहुत बड़ी भूमिका है। उन्होंने कहा कि देश के विकास का मतलब सिर्फ आर्थिक तरक्की ही नहीं, बल्कि मानसिक शांति और आध्यात्मिक उत्थान भी होना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि ध्यान के जरिए हम एक ऐसा समाज बना सकते हैं जहाँ शांति हो, लोग मुश्किलों का सामना करने की ताकत रखें और एक-दूसरे के प्रति सद्भाव रखें।

मिशन लाइफ’ के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि ध्यान से जागरूकता, जिम्मेदारी और प्रकृति के साथ तालमेल जैसे गुण विकसित होते हैं, जो स्थायी जीवन जीने के लिए बहुत जरूरी हैं। उन्होंने पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने और समग्र कल्याण को बढ़ावा देने के लिए ‘कान्हा शांति वनम’ की सराहना की।

नागरिकों से ध्यान को अपनी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए, उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने लोगों, परिवारों और समाज से आग्रह किया कि वे खुद इसका उदाहरण बनें। उन्होंने कहा कि हमें आने वाली पीढ़ियों को भी उन पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए जो मानसिक शांति, संतुलन और सद्भाव को बढ़ावा देते हैं।

समारोह में तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा, तेलंगाना सरकार के मंत्री डी. श्रीधर बाबू, हार्टफुलनेस मेडिटेशन के आध्यात्मिक मार्गदर्शक दाजी कमलेश डी. पटेल और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। साथ ही, कान्हा शांति वनम में आयोजित इस सामूहिक ध्यान सत्र में हजारों की संख्या में लोग भी शामिल हुए।

Editor

Recent Posts

ग्रेटर नोएडा के दयानतपुर के पास दिल्ली से महोबा जा रही बस में आग लगने से 9 यात्रियों की मौत

ग्रेटर नोएडा के दयानतपुर के पास दिल्ली से महोबा जा रही बस में आग लगने…

4 घंटे ago

NSE के शेयर ₹1,785 प्रति शेयर के इश्यू प्राइस के मुकाबले ₹1,800 प्रति शेयर पर लिस्ट हुए

NSE के शेयर ₹1,785 प्रति शेयर के इश्यू प्राइस के मुकाबले ₹1,800 प्रति शेयर पर…

6 घंटे ago

बंगाल की खाड़ी में बना गहरे दबाव का क्षेत्र आंध्र प्रदेश और ओडिशा तट को पार कर अब आतंरिक क्षेत्रों की ओर बढ़ रहा

बंगाल की खाड़ी में बना गहरे दबाव का क्षेत्र कलिंगपट्टनम के पास उत्तरी आंध्र प्रदेश…

6 घंटे ago

दिल्ली सरकार ने महिलाओं और ट्रांसजेंडर को सुरक्षित, साफ़-सुथरा और सम्मानजनक रोज़गार के अवसर देने के उद्देश्य से दुर्गा योजना को मंज़ूरी दी

दिल्ली सरकार ने महिलाओं और ट्रांसजेंडर लोगों को सुरक्षित, साफ़-सुथरा और सम्मानजनक रोज़गार का अवसर…

7 घंटे ago

भारत ने समरकंद में आयोजित फिडे शतरंज ओलंपियाड के 7वें दौर में इंग्लैंड को मात दी

उज्बेकिस्तान के समरकंद में चल रहे फिडे शतरंज ओलंपियाड में भारतीय पुरुष टीम ने शानदार…

7 घंटे ago

सीसीआई ने FIH मॉरीशस इन्वेस्टमेंट्स द्वारा IIFL कैपिटल सर्विसेज की कुछ अतिरिक्त इक्विटी शेयर पूंजी के अधिग्रहण को मंजूरी दी

भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने एफआईएच मॉरीशस इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड (अधिग्रहणकर्ता) द्वारा आईआईएफएल कैपिटल सर्विसेज लिमिटेड…

7 घंटे ago