केंद्र सरकार ने भारत में व्हाट्सएप पर नए यूज़रनेम फ़ीचर को लेकर मेटा को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा
केंद्र सरकार ने भारत में व्हाट्सएप पर यूजरनेम फीचर की शुरुआत करने के मामले में मेटा को नोटिस जारी किया है। इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, सरकार ने विस्तृत जानकारी तीन दिन के भीतर उपलब्ध कराने को कहा है।
सूत्रों के अनुसार, मंत्रालय ने मेटा को यह भी निर्देश दिया है कि इस मामले पर परामर्श पूरा होने तक यूजरनेम फीचर शुरू न किया जाए। मंत्रालय ने व्हाट्सएप द्वारा की गई एक सार्वजनिक घोषणा पर संज्ञान लिया है। इस घोषणा में व्हाट्सएप ने भारत सहित वैश्विक स्तर पर चरणबद्ध तरीके से अपने यूज़रनेम फ़ीचर को लागू करने की बात कही थी। व्हाट्सएप ने बताया कि एक बार यह फ़ीचर सक्रिय हो जाने पर, पहली बार संपर्क करने वाले व्यक्ति को प्राप्तकर्ता का फ़ोन नंबर दिखाई नहीं देगा और एक वैकल्पिक यूज़रनेम को अतिरिक्त नियंत्रण के रूप में लगाया जा सकता है। ऐसी आशंकाएं हैं कि इस फ़ीचर से ऑनलाइन धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट और साइबर धोखाधड़ी की घटनाएं बढ़ सकती हैं।





