भारत

डाक विभाग और फ्लिपकार्ट ने पूरे भारत में अंतिम दूरी तक पार्सल डिलीवरी सेवाओं के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए

भारत के ई-कॉमर्स लॉजिस्टिक इकोसिस्टम को मजबूत करने और पूरे देश में अंतिम दूरी तक डिलीवरी क्षमताओं को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में, डाक विभाग (डीओपी), संचार मंत्रालय और फ्लिपकार्ट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने अंतिम दूरी तक पार्सल डिलीवरी सेवाओं के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।

आज नई दिल्ली में डाक विभाग के पार्सल निदेशालय के महाप्रबंधक नीरज कुमार झा और फ्लिपकार्ट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के वाणिज्यिक निदेशक हरविंदर कपूर ने डाक विभाग के पार्सल और सीसीएस निदेशालय के मुख्य महाप्रबंधक अदनान अहमद, फ्लिपकार्ट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक (कॉर्पोरेट कार्य) डिप्पी वंकानी और दोनों संगठनों के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में समझौते पर हस्ताक्षर किए।

इस साझेदारी का उद्देश्य डाक विभाग की बेजोड़ पहुंच और भरोसेमंद डिलीवरी नेटवर्क के साथ-साथ भारत के ई-कॉमर्स क्षेत्र में फ्लिपकार्ट की मजबूत उपस्थिति का लाभ उठाकर पूरे देश में कुशल, विश्वसनीय और ग्राहक-केंद्रित पार्सल डिलीवरी समाधान प्रदान करना है। समझौते के तहत, डाक विभाग पूरे भारत में फ्लिपकार्ट शिपमेंट के लिए अंतिम दूरी तक डिलीवरी सेवाएं प्रदान करेगा।

समझौते की मुख्य विशेषताएं:

  • देशव्यापी अंतिम दूरी तक पहुंच: फ्लिपकार्ट, दूरस्थ और कम सुविधा वाले क्षेत्रों सहित शहरी, अर्ध-शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पार्सल डिलीवरी सेवाओं के लिए इंडिया पोस्ट के व्यापक नेटवर्क का उपयोग करेगा।
  • व्यापक डिलीवरी समाधान: इन सेवाओं में प्रीपेड और कैश ऑन डिलीवरी (सीओडी) पार्सल की डिलीवरी, ओटीपी आधारित डिलीवरी प्रमाणीकरण और तत्क्षण शिपमेंट ट्रैकिंग शामिल हैं।
  • ग्राहक के लिए बेहतर अनुभव: यह समझौता कुशल पार्सल आवागमन और वितरण के लिए तेज डिलीवरी, बेहतर परिचालन समन्वय और निर्बाध प्रौद्योगिकी एकीकरण पर केंद्रित है।
  • ई-कॉमर्स के विकास को समर्थन: इस सहयोग से भारत के तेजी से बढ़ते ई-कॉमर्स क्षेत्र को समर्थन देने वाले लॉजिस्टिक इंफ्रास्ट्रक्चर को और भी अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।

इस साझेदारी के माध्यम से, फ्लिपकार्ट को डाक विभाग के 1.6 लाख से अधिक डाकघरों के विशाल नेटवर्क और पूरे भारत में अद्वितीय वितरण नेटवर्क तक पहुंच प्राप्त होगी। इससे बाजार तक व्यापक पहुंच, वितरण दक्षता में सुधार और विशेष रूप से दूरस्थ तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सेवा प्रदान करने में सहायता मिलेगी।

फ्लिपकार्ट भारत की अग्रणी ई-कॉमर्स कंपनियों में से एक है, जो देश भर में लाखों ग्राहकों को उत्पादों और डिजिटल वाणिज्य समाधानों की विस्तृत श्रृंखला के माध्यम से सेवा प्रदान करती है। इस सहयोग से डाक विभाग के पार्सल व्यवसाय को काफी मजबूती मिलने की उम्मीद है, क्योंकि इससे उसके वितरण नेटवर्क और लॉजिस्टिक इंफ्रास्ट्रक्चर का बेहतर उपयोग हो सकेगा। यह साझेदारी डाक विभाग के उन निरंतर प्रयासों के अनुरूप है, जिसके तहत वह भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने वाली एक अग्रणी लॉजिस्टिक संस्था के रूप में खुद को विकसित करना चाहता है।

Editor

Recent Posts

भारत ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद से आतंकवाद के खतरे पर लगातार ध्यान देने की अपील की

भारत ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद से आतंकवाद के खतरे पर लगातार ध्यान देने की…

21 घंटे ago

विदेश मंत्री ने G20 बैठक में वैश्विक संघर्षों के समाधान के लिए सैन्य समाधानों के बजाय कूटनीति को प्राथमिकता देने का आह्वान किया

भारत ने कहा है कि वैश्विक चुनौतियों के लिए सैन्य समाधान नहीं बल्कि कूटनीति को…

21 घंटे ago

ISRO ने अगली पीढ़ी के उपग्रह NVS-3 का सफल प्रक्षेपण किया

इसरो ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इसरो ने अपनी नई पीढ़ी के…

22 घंटे ago

ग्रामीण संपर्क को सुदृढ़ करने के लिए PMGSY-IV के तहत मिजोरम में नई सड़क निर्माण परियोजनाओं को मंजूरी दी

पीएमजीएसवाई-IV (बैच-1, वित्त वर्ष 2026-27) के तहत 45 सड़क कार्यों (509.54 कि.मी) जिनका मूल्य रु.…

22 घंटे ago

पेरिस में FATF की पूर्ण बैठक और कार्य समूहों की बैठकें आज संपन्न हुईं

पेरिस में वित्तीय कार्रवाई कार्य बल (एफएटीएफ) की पूर्ण बैठक और कार्य समूहों की बैठकें…

1 दिन ago

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के केवडिया में ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ समारोह से पहले ‘भारत पर्व 2026’ का शुभारंभ किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के केवडिया में ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ समारोह से पहले ‘भारत…

1 दिन ago